
परासिया। परासिया में अवैध शराब तस्करी और शराब माफियाओं के बढ़ते हौसलों का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कथित शराब माफिया पुलिस चौकी परिसर से ही शराब से भरी बोलेरो वाहन लेकर फरार हो गए। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह न्यूटन पुलिस चौकी क्षेत्र में बिना नंबर की एक बोलेरो वाहन को कुछ युवकों ने रोककर पुलिस के हवाले किया था। बताया जा रहा है कि वाहन में अवैध शराब भरी हुई थी, जिसे बाद में न्यूटन पुलिस चौकी परिसर में खड़ा करवा दिया गया। लेकिन कुछ ही समय बाद कथित शराब माफियाओं ने चौकी परिसर से ही उक्त बोलेरो वाहन को गायब कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, शराब से भरे वाहन को हटवाने के पीछे कोयलांचल क्षेत्र के एक कथित नामी शराब माफिया की सक्रिय भूमिका की चर्चा है। आरोप है कि पुलिस को घटना की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। मामले को लेकर जब पुलिस से जानकारी ली गई तो
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मामले में किसी भी को बक्शा नहीं जायेगा।
इस घटना ने परासिया शहरी और ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि पुलिस चौकी से ही जब्त वाहन गायब हो सकता है, तो अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की प्रभावशीलता पर भी प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है।
