रेलवे में स्टेशन मास्टर के 1265 पद, भोपाल के हिस्से में 62 नौकरियां

भोपाल। रेलवे में नौकरी पाने की तैयारी कर रहे स्नातक युवाओं के लिए भर्ती का मौका आया है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने स्टेशन मास्टर के 1,265 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें भोपाल से जुड़े पश्चिम मध्य रेलवे के 49 और पश्चिम रेलवे के 13 पद शामिल हैं। इस तरह दोनों जोन में कुल 62 पदों पर नियुक्ति का अवसर है।

भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 27 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 25 नवंबर 2026 तक रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के पे-लेवल-6 के अनुसार 35,400 रुपये प्रतिमाह शुरुआती मूल वेतन मिलेगा।

20 से 33 वर्ष तक के युवा पात्र

आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होना जरूरी है। न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम 33 वर्ष रखी गई है। आयु की गणना एक जनवरी 2027 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट मिलेगी।

सामान्य वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये और एससी, एसटी, महिला, ट्रांसजेंडर, पूर्व सैनिक, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तथा अल्पसंख्यक श्रेणी के लिए 250 रुपये निर्धारित है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अधिसूचना की शर्तों के अनुसार शुल्क वापस किया जाएगा।

परीक्षा में होंगे 100 सवाल

चयन के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा, अभिक्षमता परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण से गुजरना होगा। सीबीटी में 100 प्रश्न पूछे जाएंगे और इन्हें हल करने के लिए 120 मिनट मिलेंगे। गणित एवं विश्लेषणात्मक क्षमता से 60, तार्किक क्षमता एवं अंग्रेजी पठन बोध से 20 और मानसिक तर्कशक्ति से 20 प्रश्न होंगे। गलत उत्तर पर एक-तिहाई अंक काटे जाएंगे।

 

 

Next Post

जनरल स्टोर की आड़ में अवैध क्लीनिक में ईलाज कर रहे झोलाछाप डॉक्टर

Mon Nov 9 , 2026
सारनी। गांवों तक झोलाछापों का जाल फैलता दिखाई दे रहा है । विक्रमपुर से लेकर नगरीय क्षेत्र तक झोलाछाप डॉक्टरों के द्वारा अवैध क्लीनिकों के संचालन पर सवाल उठ रहे हैं। सारनी क्षेत्र में अवैध चिकित्सा गतिविधियों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। अब ग्रामीण अंचलों से लेकर नगरीय […]

You May Like