सारनी। गांवों तक झोलाछापों का जाल फैलता दिखाई दे रहा है । विक्रमपुर से लेकर नगरीय क्षेत्र तक झोलाछाप डॉक्टरों के द्वारा अवैध क्लीनिकों के संचालन पर सवाल उठ रहे हैं।
सारनी क्षेत्र में अवैध चिकित्सा गतिविधियों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। अब ग्रामीण अंचलों से लेकर नगरीय क्षेत्रों तक कथित झोलाछाप चिकित्सकों द्वारा बिना वैधानिक अनुमति और आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता के उपचार किए जाने के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला विक्रमपुर में जनरल स्टोर की आड़ में संचालित कथित अवैध क्लीनिक का है, जिसने स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूत्रों से जानकारी प्राप्त हुई है कि विक्रमपुर में जनरल स्टोर के माध्यम से मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ उपचार भी किया जा रहा है। वहीं, क्षेत्र के अन्य गांवों में भी ऐसे कथित अवैध क्लीनिक संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मजबूरी और जागरूकता के अभाव में लोग इन केंद्रों पर पहुंचकर अपना उपचार कराते हैं। सबसे चिंताजनक स्थिति तब बनती है, जब सामान्य बीमारियों के साथ टाइफाइड, सर्जरी और गर्भावस्था जैसी गंभीर समस्याओं का उपचार भी अपात्र व्यक्तियों द्वारा किए जाने के आरोप लगते हैं।निगरानी व्यवस्था पर विभाग की कमजोर कार्यवाही साफ दिखाई देती है। सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि स्वास्थ्य विभाग की निगरानी के बावजूद ऐसे केंद्रों का संचालन कैसे हो रहा है क्या संबंधित अधिकारियों को इन गतिविधियों की जानकारी नहीं है अथवा शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है अब तक तीनों बीएमओ की भूमिका और कथित संरक्षण को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।कागजी कार्रवाई नहीं, ठोस कार्रवाई की दरकार
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से मांग की है कि विक्रमपुर सहित सारनी, पाथाखेड़ा, बगडोना और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित संदिग्ध क्लीनिकों का व्यापक निरीक्षण कराया जाए। संबंधित व्यक्तियों की शैक्षणिक योग्यता, पंजीयन, उपचार संबंधी दस्तावेज और दवाओं की वैधानिकता की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
स्वास्थ्य विभाग अधिकारी का कहना है कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में अवैध चिकित्सा गतिविधियों पर पूर्ण विराम लगाने के लिए वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बीएमओ सुरेन्द्र धाकड़ ब्लॉक घोड़ाडोंगरी
