नयी दिल्ली, 07 नवंबर (वार्ता) सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने फिल्म और उससे जुड़ी तकनीकों के क्षेत्र में काम करने वाली स्टार्टअप कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई), गोवा 2026 के दौरान आयोजित होने वाले वेव्स बाज़ार में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि इसके तहत वेवएक्स स्टार्टअप पवेलियन के लिए पंजीकरण और पवेलियन बुकिंग शुरू कर दी गयी है। इस पहल का उद्देश्य नवाचार और नयी तकनीकों पर काम करने वाली स्टार्टअप कंपनियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म एवं मीडिया उद्योग के सामने अपने उत्पादों, तकनीकों और समाधानों को प्रदर्शित करने के लिए विशेष मंच उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से स्टार्टअप कंपनियों को फिल्म निर्माताओं, प्रोडक्शन हाउस, निवेशकों और वैश्विक रचनात्मक उद्योग से जुड़े लोगों के साथ संपर्क स्थापित करने तथा व्यावसायिक सहयोग के नए अवसर तलाशने का मौका मिलेगा।
इस पहल के लिए फिल्म और संबंधित तकनीक के क्षेत्र में काम करने वाली भारतीय उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) से पंजीकृत स्टार्टअप कंपनियां आवेदन करने की पात्र होंगी। आवेदनों की जांच और मूल्यांकन वेवएक्स की ओर से गठित चयन समिति करेगी। चयनित स्टार्टअप कंपनियों को वेव्स बाज़ार में अपने नवाचारों और उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
मंत्रालय ने पात्र और इच्छुक स्टार्टअप कंपनियों से इस अवसर का लाभ उठाने और आवेदन करने की अपील की है। पंजीकरण फॉर्म और विस्तृत जानकारी के लिए वेव्स बाज़ार की वेबसाइट वेवेक्स.वेव्सबाजार.कॉम पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा किसी भी जानकारी के लिए वेवेक्स-एमआईबीएटदरेटजीओवी.इन पर ईमेल भेजा जा सकता है।
