भोपाल। ड्रग्स और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की तैयारी की है। नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस, आबकारी और प्रशासन की संयुक्त टीमें अभियान चलाएंगी। दोषियों पर रासुका और एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सभी जिलों में अलग-अलग कार्ययोजना बनाकर अभियान चलाया जाएगा।
-शिक्षण संस्थानों में बनेंगी समितियां
नशे के खिलाफ स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और छात्रावासों में निगरानी बढ़ाई जाएगी। सभी शिक्षण संस्थानों में एंटी ड्रग्स समितियां गठित होंगी। ये समितियां नियमित बैठक कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगी। प्रत्येक छात्रावास में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें शिक्षण संस्थानों और संदिग्ध ठिकानों का निरीक्षण करेंगी। मेडिकल दुकानों से दवाओं के नशे के रूप में दुरुपयोग को रोकने के लिए मेडिकल एसोसिएशन के साथ बैठक की जाएगी। इसके अलावा मोहल्ला स्तर पर भी समितियां बनाई जाएंगी। इनके माध्यम से नशे के कारोबार की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की व्यवस्था होगी। प्रशासन का उद्देश्य नशे के नेटवर्क को तोडऩे के साथ युवाओं को इसके दुष्प्रभावों से बचाना है
