ग्वालियर। दीपावली पर ग्वालियर मेला ग्राउंड में लगाई गई आतिशबाजी दुकानों के दुकानदारों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता, सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध तथा अग्नि सुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश एवं समझाइश दी गई।नगर निगम की सहयोगी संस्था आईईसी टीम द्वारा ग्वालियर मेला ग्राउंड में लगाई गई आतिशबाजी के दुकानदारों को प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग एवं वितरण नहीं करने की समझाइश दी गई। इसके साथ ही दुकानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने एवं कचरे का उचित प्रबंधन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रत्येक दुकान पर अग्निशमन यंत्र की उपलब्धता सुनिश्चित करने की समझाइश दी गई।
आगजनी की आपातकालीन स्थिति से बचाव हेतु पानी एवं रेत से भरी बाल्टियां पर्याप्त मात्रा में रखने के लिए कहा गया। पटाखों के आसपास धूम्रपान, माचिस एवं किसी भी प्रकार के खुले अग्नि स्रोत का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए। विद्युत वायरिंग एवं अस्थायी विद्युत कनेक्शनों को सुरक्षित रखने के संबंध में जानकारी दी गई।इसके साथ ही आईईसी टीम द्वारा कचरा ट्रांसफर स्टेशन मेला ग्राउंड पर कार्यरत सभी कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान कर्मचारियों को कचरे एवं ज्वलनशील पदार्थों में आग लगने की संभावनाओं, आग से बचाव के उपायों तथा आपातकालीन स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तारपूर्वक समझाया गया।
