नयी दिल्ली 06 नवंबर (वार्ता) रेलवे ने दिवाली और छठ सहित अन्य त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और उन्हें सुगम तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाने के वास्ते व्यापक व्यवस्था की है जिसके लिए रेलवे ने 18 हजार विशेष ट्रेनें चलाने की व्यवस्था की है तथा सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दिवाली , छठ पूजा और अन्य के त्योहारों के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने तथा उनकी सुविधा के लिए की गयीं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे और अधिकारियों को हर वक्त निगरानी करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के बाद श्री वैष्णव ने संवाददाताओं से बातचीत में देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ सहित त्योहारों के दौरान हर साल यात्रियों की सबसे अधिक भीड़ रहती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हर साल रेलवे व्यवस्था में सुधार करने के लिए हमारा मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए की गयी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि पिछले साल अनारक्षित यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय बनाया गया था, जो काफी उपयोगी साबित हुआ। इस साल भी यहां आरक्षित यात्रियों के लिए अलग प्रतीक्षालय बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि पहले स्टेशन पर छह अलग-अलग प्रवेश द्वार थे, जिससे यात्रियों को अक्सर भ्रम होता था। अब एक साझा क्षेत्र बनाया गया है। सामान की जांच से जुड़ी सभी सुविधाओं को भी बाहर स्थानांतरित कर दिया गया है। पहले अंदर जिस जगह टिकट जारी किये जाते थे, उसे अब बड़े प्रतीक्षालय में बदल दिया गया है। उन्होंने कहा कि नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर की गयी इन व्यवस्थाओं से यात्रियों को काफी सुविधा हुई है। रेल मंत्री ने बताया कि पिछले साल त्योहारों के दौरान रिकॉर्ड 12 हजार विशेष ट्रेनें चलायी गयी थीं। इनमें से कई विशेष ट्रेनों को इस साल नियमित ट्रेनों में बदल दिया गया है और अतिरिक्त ट्रेनें भी चलायी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस बार दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ सहित पूरे त्योहारों के मौसम में यात्रियों की सुविधा के लिए करीब 18 हजार विशेष ट्रेनें चलाने की व्यवस्था की गयी है।
श्री वैष्णव ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किये गये हैं। शकूर बस्ती डिपो में करीब छह ट्रेन रेक तैयार रखे गये हैं, जिन्हें बेहद जरूरी स्थिति में तत्काल तैनात किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों के दौरान यात्रियों के आने-जाने के स्थानों से जुड़े आंकड़े जुटाये गये और उनका कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) मॉडल के जरिए अध्ययन किया गया। इससे यह पता लगाया गया कि त्योहारों के दौरान किन स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या सबसे अधिक रहती है और कौन से स्टेशन यात्रियों के आने तथा जाने के प्रमुख केंद्र हैं।
उन्होंने बताया कि कोविड काल को छोड़कर पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों का विस्तृत अध्ययन किया गया। इसी विश्लेषण के आधार पर विशेष ट्रेनों की संख्या और उनके परिचालन का समय तय किया गया है। रेल मंत्री ने बताया कि भीड़ वाले दिनों में कारखानों और कार्यालयों में काम करने वाले लोग आमतौर पर शाम पांच बजे के बाद अपने वेतन और बोनस के साथ गांवों के लिए रवाना होते हैं। इसलिए शाम पांच बजे के बाद यात्रियों की भीड़ बढ़ने और रातभर जारी रहने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि रेलवे बोर्ड, उत्तर रेलवे जोन, मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय और रेलवे स्टेशनों पर 24 घंटे काम करने वाले नियंत्रण कक्ष बनाये गये हैं। मुंबई और अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की चार स्तरीय व्यवस्था की गयी है।
श्री वैष्णव ने बताया कि बताया कि इस अवधि में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों, विशेष रूप से महिला आरपीएफ कर्मियों की विशेष तैनाती की गयी है। उन्होंने कहा कि जब पूरा देश त्योहार मना रहा होता है, तब रेलवे के कर्मचारी अपनी ड्यूटी के प्रति समर्पित रहते हैं और देश की सेवा करते हैं। उन्होंने सभी रेल कर्मचारियों के योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

