पूर्वोत्तर में सुअर पालन को बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने जारी किया मानक संचालन प्रक्रिया दस्तावेज

नयी दिल्ली, 06 नवंबर (वार्ता) केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में आनुवंशिक सुधार में तेजी लाने और सुअर पालकों की आजीविका बढ़ाने के उद्देश्य से एक बेहद खास प्रोटोकॉल पुस्तिका जारी की है। यह पशु चिकित्सकों, प्रजनन केंद्रों और किसानों के लिए कृत्रिम गर्भाधान और आधुनिक प्रजनन प्रथाओं को अपनाने के लिए एक गाइड की तरह करेगी। यहां जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी है। इस पुस्तिका का शीर्षक ‘सुअरों में तरल वीर्य का उपयोग करके कृत्रिम गर्भाधान के लिए वीर्य उत्पादन के लिए न्यूनतम मानक प्रोटोकॉल और मानक संचालन प्रक्रियाएं’ रखा गया है और इसे श्री सिंह की सिक्किम की यात्रा के दौरान जारी किया गया।

यह प्रोटोकॉल वैज्ञानिक तरीके से वीर्य उत्पादन, गुणवत्ता आश्वासन, जैव सुरक्षा, वीर्य संरक्षण, परिवहन और कृत्रिम गर्भाधान प्रथाओं के लिए एक व्यापक ढांचा प्रदान करता है। इसका खास मकसद कुशल कृत्रिम गर्भाधान सेवाएं देने के लिए मानकीकृत प्रक्रियाएं तय करना है।
बीसवीं पशुधन जनगणना (2019) के अनुसार देश में सुअरों की कुल आबादी 90.6 लाख है। यह संख्या कुल पशुधन की 1.7 प्रतिशत है। पूर्वोत्तर भारत देश में सुअर पालन का मुख्य केंद्र है। यहां सुअरों की आबादी का लगभग 45 प्रतिशत हिस्सा मौजूद है और इनमें वैज्ञानिक तरीके से प्रजनन और आनुवंशिक सुधार की अपार संभावनाएं बनती हैं।

पुस्तिका में प्रजनन के लिए सुअर का चयन, वीर्य संग्रह, मूल्यांकन, प्रसंस्करण, भंडारण, परिवहन, प्रयोगशाला गुणवत्ता प्रबंधन और रोग रोकथाम के उपाय शामिल हैं। इससे बेहतर प्रजनन सामग्री की उपलब्धता बढ़ेगी, जिससे सुअर पालन उद्यमों की उत्पादकता और लाभप्रदता में सुधार होगा। इससे पूर्वोत्तर में प्रचलित स्वदेशी सुअर जर्मप्लाज्म के संरक्षण, उन्नयन और आनुवंशिक सुधार को गति मिलेगी। यह पहल पूर्वोत्तर क्षेत्र में सुअर के मांस (पॉर्क) उत्पादन को बढ़ाने और किसानों की आजीविका के अवसरों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

.....

Next Post

रूस और अमेरिका सकारात्मक हैं और मानवीय काम जारी रखने के लिए तैयार हैं: पेस्कोव

Fri Nov 6 , 2026
मास्को, 06 नवंबर (स्पूतनिक/वार्ता) क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने शुक्रवार को कहा कि रूस और अमेरिका के बीच सकारात्मक माहौल बना हुआ है और दोनों देश मानवीय कार्य जारी रखने के लिए तैयार हैं। विदेशी के साथ निवेश और आर्थिक सहयोग के लिए रूस के राष्ट्रपति के विशेष दूत […]

You May Like