इंदौर: शहर में कम बारिश और घटते भूजल स्तर के कारण पानी की समस्या गंभीर हो रही है. अधिकांश आबादी बोरिंग और टैंकरों पर निर्भर है. नर्मदा के तीसरे चरण के तहत शहर के कई क्षेत्रों में नर्मदा लाइन तो पहुंची, लेकिन दावों के अनुसार नगर निगम पानी की पूर्ति नहीं कर पाई. अब चौथे चरण की चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं. सवाल यह है कि नई योजनाएं बनाई जाएं साथ ही पुरानी व्यवस्थाओं की खामियां भी दूर की जाना चाहिए.
मामला वार्ड क्रमांक 37 का है. इस वार्ड अंतर्गत वेलोसिटी के पीछे श्रीराम कृष्णा कॉलोनी के रहवासी गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं. यहां नर्मदा की लाइन तो प्रत्येक गली तक पहुंच चुकी है, लेकिन जलापूर्ति की स्थिति संतोषजनक नहीं है. प्रतिदिन मात्र 25 मिनट ही पानी मिलता है, जिसमें शुरुआती 10 मिनट दूषित पानी आता है, शेष 10 मिनट मिलने वाला पानी परिवारों की जरूरत पूरी नहीं कर पाता. ऐसे में लोगों को सरकारी बोरिंग पर निर्भर रहना पड़ रहा है. हैरानी की बात यह है कि क्षेत्र में बोरिंग होने के बावजूद उसकी पाइपलाइन गलियों तक नहीं बिछाई गई. नतीजतन रहवासियों को मुख्य मार्ग पर स्थित बोरिंग से करीब दो सौ फीट लंबा पाइप अपने घरों तक बिछाकर पानी लाना पड़ता है, वहीं बोरिंग खराब होने पर निजी टैंकर बुलवाना मजबूरी बन जाता है, जिसका खर्च लगातार बढ़ रहा है. कम बारिश के चलते आगामी दिनों में जल संकट और गहराने की आशंका ने रहवासियों की चिंता और बढ़ा दी है.
यह बोले रहवासी…
दूषित पानी के लिए शिकायत की, जिम्मेदारों ने कहा गंदा पानी भरकर रखना. दो-तीन बार दूषित पानी भरकर रखा और कई बार फोन भी लगाए, लेकिन कोई भीनहीं आया.
– संगीता केवट
नलों से आधे टाइम तो दूषित पानी ही आता रहता है. थोड़े से पानी में घर की पूर्ति कैसे होगी. बोरिंग घर से बहुत दूर है, रोज वहां तक पाइप बिझाना और उठाना पड़ता है.
– रेखा बटोदिया
निजी टैंकर के अब बहुत ज्यादा रेट बढ़ चुके हैं. अगर नर्मदा लाइन से आधे घंटे की जगह एक घंटा पानी दिया जाए. अभी से यह हालत है तो इस बार गर्मी में क्या होगा, सोचकर ही दिल बैठ रहा है.
– क्षमा शर्मा
बोरिंग की जहां लाइन नहीं है, वहां लाइन बिछाएंगे
कोशिश की जा रही है कि जहां पर भी बोरिंग हंै, पूरे क्षेत्र में उसकी लाइन बिछाई जाए. आने वाली गर्मी के लिए अधिकारियों से मीटिंग हो चुकी है. पानी की पूर्ति करने के पूरे प्रयास करेंगे. जनता से निवेदन है कि पानी का दुरुपयोग ना करें.
– संगीता जोशी, पार्षद
