
मंदसौर। नगरपालिका परिषद की साधारण सभा की बैठक नपाध्यक्ष एवं पीठासीन अधिकारी श्रीमती रमादेवी गुर्जर की अध्यक्षता में नपा सभागृह में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े 23 प्रकरणों पर चर्चा के बाद सभी प्रस्ताव बहुमत से पारित किए गए। बैठक में मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर रोहित राणावत सहित सभापति एवं पार्षदगण उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी 64वें भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव मेले को भव्य रूप से आयोजित करने पर चर्चा हुई। पार्षदों ने मेले की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के सुझाव दिए। इसके साथ ही 7 एवं 8 दिसंबर 2026 को मंदसौर का गौरव दिवस मनाने तथा आयोजन पर होने वाले अनुमानित व्यय को भी स्वीकृति दी गई।
शहर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों में नपा कॉलोनी के जर्जर आवासों को हटाकर पीपीपी मोड पर नया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने, नयापुरा रोड से दयामंदिर मार्ग तक आवागमन के लिए हेडकालाखेत खेल मैदान के समानांतर नया लिंक रोड बनाने तथा वार्ड क्रमांक 14 में नाहर सैय्यद मेला ग्राउंड से लालघाटी रोड तक सीसी रोड निर्माण के प्रस्ताव शामिल हैं। इसके अलावा कृषि उपज मंडी के समीप नपा की भूमि पर नई दुकानें बनाने को भी मंजूरी दी गई।
परिषद ने शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए 50 पुरुष एवं 50 महिला सहित कुल 100 सफाई मित्रों की नियुक्ति का प्रस्ताव पारित किया। इसके लिए शासन के नगरीय विकास विभाग से अनुमति ली जाएगी। वहीं पूर्व बीपीएल चौराहे का नामकरण सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहा तथा संजीत रोड ओवरब्रिज का नामकरण माता पन्ना धाय मार्ग करने का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया।
बैठक में शांतनु विहार एवं जनता कॉलोनी बी ब्लॉक की जर्जर पानी की टंकियों को हटाने, विवेकानंद नगर की विद्युत समस्याओं के समाधान के लिए नवीन निविदा जारी करने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के तहत होटल, मैरिज गार्डन एवं रिसोर्ट से कचरे की मात्रा के अनुसार दंड राशि निर्धारित करने तथा कचरा प्रबंधन के लिए नया डंपर खरीदने के प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली।
बैठक में रामघाट स्थित फिल्टर प्लांट के संधारण, शहर में नवीन सम्पवेल निर्माण, सीवरेज योजना तथा सम्राट मार्केट में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अतिक्रमण हटाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। पार्षदों ने विभिन्न वार्डों की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर सुझाव रखे।
राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि मुकेश खमेसरा ने नपा कॉलोनी में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण की योजना को सराहनीय बताते हुए अर्बन चैलेंज फंड योजना का लाभ लेने का सुझाव दिया। पूर्व नपाध्यक्ष राम कोटवानी ने अधिकारियों से परिषद की बैठकों में पूरी तैयारी के साथ उपस्थित होकर पार्षदों के प्रश्नों का जवाब देने की बात कही। बैठक में पहली बार शामिल हुए मनोनीत पार्षदों का नपाध्यक्ष श्रीमती गुर्जर ने स्वागत किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ।
