पांच महीने से वेतन नहीं, दीपावली पर भी खाली हाथ डॉक्टर; आर्थिक संकट में बंधपत्र चिकित्सक

नीमच। मरीजों का इलाज करने वाले डॉक्टर खुद पांच महीने से वेतन का इंतजार कर रहे हैं। वीरेंद्र कुमार सखलेचा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सहित जिले के प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पदस्थ बंधपत्र चिकित्सकों को पांच माह से वेतन नहीं मिला है। दीपावली से पहले भी भुगतान नहीं होने से उनकी आर्थिक परेशानियां बढ़ गई हैं। मंगलवार को चिकित्सकों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर लंबित वेतन जल्द जारी करने और हर माह भुगतान की निश्चित तारीख तय करने की मांग की।

चिकित्सकों के अनुसार मेडिकल कॉलेज में करीब 40 डॉक्टर पदस्थ हैं, जबकि अन्य प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सेवाएं दे रहे हैं। वे नियमित रूप से ड्यूटी कर मरीजों का उपचार कर रहे हैं, लेकिन वेतन नहीं मिलने से किराया, भोजन और अन्य जरूरी खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। डॉ. अंकिता जाट ने बताया कि इस संबंध में कलेक्टर, सीएमएचओ और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। अधिकारियों की ओर से भोपाल से बजट नहीं मिलने की बात कही जा रही है।

डॉ. विष्णु पटेल ने बताया कि एक माह पहले भी ज्ञापन दिया था, लेकिन पांच महीने से लंबित वेतन का भुगतान नहीं हुआ। चिकित्सकों ने कहा कि फिलहाल वे हड़ताल नहीं कर रहे हैं, लेकिन वेतन भुगतान में लगातार देरी से परेशान हैं। उन्होंने मांग की कि बकाया वेतन तत्काल जारी करने के साथ हर महीने भुगतान की तारीख तय की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।

Next Post

बढ़ते कर्ज को लेकर पटवारी ने उठाए सवाल

Tue Nov 3 , 2026
विशेष संवाददाता भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों और लगातार बढ़ते कर्ज को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार कर्ज के बोझ तले दबती जा रही है। पटवारी ने कहा कि वित्तीय वर्ष […]

You May Like