लंदन, 02 नवंबर (वार्ता) ब्रिटेन की राजधानी लंदन में अमेरिकी दूतावास के बाहर प्रतिबंधित संगठन ‘फिलिस्तीन एक्शन’ के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे 300 से अधिक लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अनुसार, शनिवार को नाइन एल्म्स इलाके में सैकड़ों लोग एकत्र हुए थे, जिनमें से कई हाथों में तख्तियां लिए हुए थे। पुलिस ने रविवार को बताया कि कुल 325 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 320 गिरफ्तारियां आतंकवाद अधिनियम के तहत प्रतिबंधित संगठन का समर्थन करने के आरोप में की गई हैं।
उल्लेखनीय है कि ‘फिलिस्तीन एक्शन’ को जुलाई 2025 में प्रतिबंधित कर दिया गया था। तब से लेकर अब तक इस समूह से जुड़ी गतिविधियों में 4,000 से अधिक लोगों की गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। मानवाधिकार संस्था ‘एमनेस्टी इंटरनेशनल यूके’ और नागरिक अधिकार समूहों ने इन गिरफ्तारियों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताते हुए संगठन पर लगे प्रतिबंध को हटाने की मांग की है।
दूसरी ओर, यूनाइटेड किंगडम का सुप्रीम कोर्ट जल्द ही आतंकवाद कानून के तहत ‘फिलिस्तीन एक्शन’ पर लगाए गए प्रतिबंध की समीक्षा करने वाला है, जबकि गृह मंत्रालय ने इस अपील का अदालत में पुरजोर विरोध करने की बात कही है।
