छह लाख रुपए का कलेक्शन बैग चोरी करने वाले दो पूर्व कर्मचारी गिरफ्तार

इंदौर. किराना कारोबार का कलेक्शन लेकर लौट रहे सेल्समैन की बाइक से बैग चोरी करने वाले दो आरोपियों को सिमरोल पुलिस ने गिरफ्तार किया है. बैग में 6 लाख रुपए से अधिक की रकम थी. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पूरी रकम 6 लाख 10 हजार 21 रुपए और वारदात में इस्तेमाल की गई कार जब्त की है. दोनों आरोपी पहले इसी कारोबारी के यहां काम करते थे. नौकरी से निकाले जाने के बाद उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया.

मानस ट्रेडर्स इंदौर में सेल्समैन के रूप में काम करने वाले संजय शैवाले उम्र 59 साल करही, बलवाड़ा और चोरल सहित आसपास के क्षेत्रों से किराना कारोबार का कलेक्शन और बिल लेकर मोटरसाइकिल से इंदौर लौट रहे थे. रास्ते में चोरल स्थित बाबा ढाबे पर वे लघुशंका के लिए रुके. इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति उनकी बाइक पर रखा बैग लेकर भाग गया, बैग में कलेक्शन की रकम रखी थी. संजय की शिकायत पर सिमरोल थाने में चोरी का केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. वारदात का पता लगाने के लिए पुलिस ने उस मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. इस दौरान घटनास्थल के आसपास एक कार दिखाई दी. पुलिस को उस पर संदेह हुआ तो अलग-अलग टीमें बनाकर कार की तलाश शुरू की गई. इसी बीच मुखबिर से कुंदन दांगी उम्र 26 साल और अमित दांगी उम्र 20 साल के बारे में जानकारी मिली. दोनों जैतपुरा, थाना खुड़ैल क्षेत्र के रहने वाले हैं. पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने वारदात करना स्वीकार किया. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले मानस ट्रेडर्स के मालिक के यहां काम करते थे. उन पर डीजल चोरी का आरोप लगा था, जिसके बाद उन्हें नौकरी से निकाल दिया था. इसी बात का बदला लेने के लिए उन्होंने सेल्समैन के कलेक्शन बैग की चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 6 लाख 10 हजार 21 रुपए नकद और कार नम्बर एमपी 09 सीडब्ल्यू 2337 जब्त की है. दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है. थाना प्रभारी कुलदीप खत्री ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की पूरी रकम और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की गई है.

Next Post

लगातार तीसरे दिन ब्राउन शुगर के साथ आरोपी गिरफ्तार, इंदौर-अजमेर नेटवर्क की जांच

Sun Nov 1 , 2026
इंदौर. शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे राज्यस्तरीय एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत चंदन नगर पुलिस ने लगातार तीसरे दिन कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. जगदीशपुरी स्थित खाली मैदान से पकड़े गए आरोपी के पास से 10.66 ग्राम […]

You May Like