वर्षों से हो रही लहसुन की तस्करी पर पहली बार प्रशासनिक शिकंजा

सतना: कई वर्षों से जिले की जनता बढ़ी कीमतों पर लहसुन की खरीदफरोक्त के लिए मजबूर थी लेकिन शासन और प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। शनिवार को मंडी के प्रभारी भारसाधक अधिकारी ने अचानक जांच कर इस अवैध कारोबार पर नकेल कसने की कोशिश की है। उसका अंदाजा एक दिन में सुबह से शाम हुई कार्यवाही के बाद 103 कुंटल अवैध लहसुन जिला मुख्यालय में पकड़ी गई।

शहर में डेलौरा स्थित गांधी सब्जी मंडी में मंडी बोर्ड की टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए करीब 13 लाख रुपए कीमत का 83 क्विंटल अवैध लहसुन जब्त किया है। जांच के दौरान दो दुकानों में बिना मंडी लाइसेंस के कारोबार संचालित होता पाया गया। वहीं, एक अन्य दुकान बंद मिलने पर उसे सील कर दिया गया। कार्रवाई में मंडी सचिव करुणेश तिवारी की टीम ने व्यापारियों के दस्तावेजों और लहसुन के स्टॉक की जांच की।जांच में कामना ट्रेडर्स के संचालक आनंद कुमार कुशवाहा के यहां से 4.80 हजार किलो लहसुन मिला, जिसकी कीमत करीब 7.53 लाख रुपए आंकी गई।

दुकान के पास सतना मंडी का लाइसेंस नहीं था। संचालक ने सीहोर मंडी का पास दिखाया, लेकिन जांच में सामने आया कि यह पास उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के लिए बनाया गया था। लहसुन को प्रयागराज ले जाने के बजाय सतना में ही बिक्री के लिए रखा गया था। अधिकारियों ने इसे टैक्स चोरी का मामला माना। इसी तरह चंदन ट्रेडर्स के संचालक चंदन कुशवाहा के यहां से 3.50 हजार किलो लहसुन जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 5.49 लाख रुपए बताई गई। इस दुकान के पास भी मंडी लाइसेंस नहीं था और कारोबार सामान्य बिल के आधार पर संचालित किया जा रहा था। मंडी नियमों के मुताबिक इस तरह कारोबार करना नियमों का उल्लंघन है।

सुबह से शाम तक कार्यवाही जारी

सुबह की कार्रवाई के बाद मंडी प्रशासन ने रात करीब 8:30 बजे एक बार फिर डेलौरा स्थित गांधी सब्जी बाजार में दबिश दी। इस दौरान सीहोर से लहसुन लेकर आ रहे एक संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की गई। वाहन में बड़ी मात्रा में लहसुन लदा मिला, लेकिन चालक मौके पर मंडी प्रवेश शुल्क, अनुज्ञा-पत्र और वैध क्रय-विक्रय बिल से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद मंडी प्रशासन ने मध्यप्रदेश कृषि उपज मंडी अधिनियम 1972 के तहत वाहन सहित लहसुन जब्त कर लिया। वहीं, सुबह की कार्रवाई में जांच से बची तीसरी दुकान का भौतिक सत्यापन करने पर बिना मंडी लाइसेंस कारोबार संचालित होना पाया गया, जिसके बाद पंचनामा तैयार कर दुकान को सील कर दिया गया। गौरतलब है कि सुबह दो फर्मों कामना ट्रेडर्स और चंदन कुमार लाल प्रसाद से 83 क्विंटल लहसुन जब्त किया गया था, जिसकी कीमत 13 लाख रुपए से अधिक आंकी गई थी। जांच में सीहोर से प्रयागराज के लिए जारी गेट पास का सतना में इस्तेमाल किए जाने का मामला भी सामने आया था। लगातार मिल रही अनियमितताओं के बाद मंडी प्रशासन अब संबंधित व्यापारियों और पूरे मामले को लेकर जिला न्यायालय में परिवाद पेश करने की तैयारी कर रहा है।

कोर्ट में चलेगा मामला, निरीक्षकों को भी नोटिस

कार्रवाई के दौरान बंद मिली तीसरी दुकान को प्रशासन ने सील कर दिया। मंडी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोनों व्यापारियों के खिलाफ सतना न्यायालय में प्रकरण दर्ज कराया जाएगा। केवल जुर्माना लगाकर मामले को समाप्त नहीं किया जाएगा। वहीं, क्षेत्र में निगरानी और जांच में लापरवाही बरतने पर संबंधित मंडी निरीक्षकों को भी नोटिस जारी किए गए हैं। पूरी कार्रवाई एसडीएम राहुल सिलाडिया के मार्गदर्शन में मंडी सचिव करुणेश तिवारी की टीम ने की।

Next Post

विदिशा में धूमधाम से मना मध्यप्रदेश स्थापना दिवस, विधायक मुकेश टंडन ने फहराया तिरंगा; स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

Sun Nov 1 , 2026
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर विदिशा के पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक मुकेश टंडन ने ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। कार्यक्रम में कलेक्टर अंशुल गुप्ता और एसपी रोहित काशवानी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान स्कूली बच्चों ने […]

You May Like