बारिश और बादलों ने बदला मौसम का मिजाज, रुक-रुककर हुई बारिश से बढ़ी ठंडक

सतना। जिले में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। बारिश और बादलों के कारण दिन के तापमान में अचानक गिरावट आई है। गुरुवार रात से शुरू हुई रिमझिम बारिश शुक्रवार को भी रुक-रुककर जारी रही, जबकि शनिवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। पिछले तीन दिनों से धूप नहीं निकलने के कारण लोगों को ठंडक का एहसास होने लगा है। हालांकि रविवार सुबह से मौसम खुलने और धूप निकलने की संभावना जताई गई है।

बीते 24 घंटे के दौरान जिले में आधा इंच से कम बारिश दर्ज की गई। लगातार बादल छाए रहने और बारिश के चलते अधिकतम तापमान में करीब ढाई डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 9 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान आधा डिग्री गिरकर 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। सुबह के समय हवा में नमी 96 प्रतिशत और शाम को 93 प्रतिशत दर्ज की गई।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अर्नव तूफान डीप डिप्रेशन से कमजोर होकर लो प्रेशर में तब्दील हो गया है। इसका प्रभाव मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के आसपास बना हुआ है। सिस्टम के धीरे-धीरे कमजोर होने के बावजूद सतना सहित रीवा संभाग में अगले दो दिनों तक बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि रविवार सुबह से जिले के कुछ हिस्सों में मौसम खुलने और धूप निकलने के आसार हैं।

Next Post

आपका वोट कितना सुरक्षित? ज्ञानेश कुमार पर खड़गे के 6 गंभीर आरोप!

Sun Nov 1 , 2026
देश में चुनावी प्रक्रिया और मतदाताओं के अधिकारों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली में आयोजित ‘पब्लिक इम्पीचमेंट ऑफ ज्ञानेश कुमार’ कार्यक्रम के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त पर छह गंभीर आरोप लगाए। खड़गे ने बीजेपी के साथ कथित वोट चोरी की साजिश, […]

You May Like