
सौंसर, बेरडी स्थित शासकीय अस्पताल में पदस्थ चिकित्सक की नियमित अनुपस्थिति एवं समय पर न आने की कार्यशैली को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में ग्राम पंचायत बेरडी की सरपंच संगीता गावंडे सहित पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी सौंसर को शिकायती पत्र सौंपकर व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि शासकीय अस्पताल बेरडी में पदस्थ डॉ. विवेक गुप्ता नियमित रूप से अस्पताल नहीं आते और बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहते हैं। इसके अलावा वे निर्धारित समय पर न पहुंचकर अक्सर ड्यूटी पर देरी से आते हैं, जिससे दूर-दराज से आने वाले मरीजों को समुचित उपचार के लिए घंटों भटकना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि 30 अक्टूबर को सुबह 11 बजे जब वे अस्पताल पहुंचे, तो डॉ. गुप्ता नदारद मिले। वे निर्धारित समय से काफी विलंब के बाद दोपहर करीब 12 के लगभग बजे अस्पताल पहुंचे। ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि चिकित्सक का अस्पताल में आने का समय निर्धारित कराया जाए अथवा बेरडी ग्राम के लिए किसी अन्य चिकित्सक की पदस्थापना की जाए, ताकि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।
शिकायत सौंपने वालों में बेरडी सरपंच संगीता गावंडे, उपसरपंच, बंडु गुरवे, अशोक ठाकरे, रघुनाथ भागवान, मनोज सिंगनापुरे, आकाश डुरबडे सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
