जबलपुर: सिविल लाइन थाना अंतर्गत हाउसिंग बोर्ड में दबंगों ने एक दुकानदार की पिटाई कर दी। आरोप है कि मुख्य आरोपी की बहन टीआई हैं। गुंडई के खिलाफ पीड़ित पक्ष ने देर रात थाने में जमकर हंगामा किया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है
पीड़िता ने बताया कि उसके पिता मुकादमगंज में दुकान चलाते हैं। रोज की तरह रात करीब 12 बजे जब वे दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में हेमंत सिंह राजपूत और अभिनव ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट की। चीख-पुकार सुनकर जब तक लोग इकट्ठा हुए, आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
आरोप: ठुकराया दोस्ती का प्रस्ताव तो घर पर फेंके बम, बहन ने किया आत्महत्या का प्रयास-
पीड़ित युवती ने बताया कि करीब 5 साल पहले पीड़िता की बड़ी बहन की हेमंत से सामान्य बातचीत थी। बाद में जब बहन ने उससे दूरी बना ली और बात करना बंद कर दिया, तो हेमंत सनकी हो गया। वह लगातार युवती को धमकाने और पीछा करने लगा। बात न मानने पर हेमंत ने युवती के साथ मारपीट भी की थी और दहशत फैलाने के लिए घर के सामने बम भी फेंके थे। इस लगातार मिल रही प्रताड़ना और बदनामी के डर से तंग आकर बड़ी बहन फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश भी कर चुकी है। आरोप है कि मुख्य आरोपी हेमंत की बहन कंचन सिंह राजपूत पुलिस में टीआई हैं। इसी वजह से सिविल लाइन पुलिस पीड़ित परिवार की सुनवाई नहीं कर रही थी।
देर रात घेरा थाना-
युवती के पिता के साथ हुई मारपीट के बाद आक्रोशित जनों ने देर रात थाने का घेराव कर दिया और हंगामा कर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सिविल लाइन थाना प्रभारी शशि धुर्वे ने बताया कि बुजुर्ग के साथ मारपीट की घटना की पुष्टि हुई है। युवती के पिता की रिपोर्ट पर आरोपी हेमंत सिंह राजपूत और अभिनव यादव के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, थाना प्रभारी ने घर के सामने बमबाजी किए जाने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि जांच में ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है। आरोपी की बहन टीआई होने की बात भी सामने आई है मामले की जांच चल रही है।
