सिंगरौली: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर बैढ़न स्थित राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विधायक राम निवास शाह ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के साथ राष्ट्रहित के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प दिलाया। प्रतिभागियों ने भी देशवासियों के बीच भाईचारा, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करने का प्रण लिया।
इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए राष्ट्र के एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए सरदार पटेल के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित कराने के साथ राष्ट्रीय एकता और आंतरिक सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
आयोजन में प्रभारी कलेक्टर संघप्रिय, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम., नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, एसडीएम सुरेश जाधव, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दर लाल शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह, पार्षद सीमा जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी सहभागिता की।
