ग्वालियर: जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीमों ने डबरा, भितरवार एवं मोहना क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान कुल 9,700 किलोग्राम गुड़ लहान बरामद कर मौके पर नष्ट किया गया। नष्ट किए गए गुड़ लहान की अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख रुपए है। कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 10 प्रकरण दर्ज किए गए।
कलेक्टर रुचिका चौहान के आदेशानुसार, आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त राज नारायण सोनी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर से प्राप्त सूचना एवं नियमित गश्त के आधार पर विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई।
डबरा क्षेत्र में एसडीएम नवकिरण कौर के नेतृत्व में प्रशासन एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम गुंजार में जमीन में बने गड्ढों से लगभग 2,500 किलोग्राम तथा ग्राम चिरूली में 1,100 किलोग्राम गुड़ लहान बरामद किया। दोनों स्थानों पर सैंपल लेकर शेष गुड़ लहान मौके पर ही नष्ट किया गया।इसी प्रकार भितरवार क्षेत्र के ग्राम दुवा दुबई स्थित कंजर डेरे से टंकियों एवं ड्रमों में रखा लगभग 4,500 किलोग्राम गुड़ लहान बरामद कर सैंपल लेने के बाद नष्ट किया गया। मोहना क्षेत्र के बरसाना मोहल्ले से भी लगभग 1,600 किलोग्राम गुड़ लहान बरामद कर मौके पर नष्ट किया गया।
सभी स्थानों पर की गई कार्रवाई के संबंध में आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत कार्रवाई की गई। अभियान में आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश तिवारी के निर्देशन में सहायक जिला आबकारी अधिकारियों, वृत्त उपनिरीक्षकों एवं कार्यपालिक स्टाफ का योगदान रहा।
