इंदौर: संयोगितागंज थाना क्षेत्र में भाजपा पार्षद के घर देर रात करीब एक दर्जन बदमाशों ने पहुंचकर हंगामा किया. पुराने विवाद में समझौते का दबाव बनाते हुए आरोपियों ने घर के बाहर लगा बोर्ड चाकू से फाड़ दिया और परिसर में जमकर तोड़फोड़ की. हमलावरों से बचने के लिए पार्षद पति को भागकर फ्लैट में छिपना पड़ा. पूरी वारदात अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है.
घटना उषागंज स्थित गीतांजलि अपार्टमेंट की है. यहां वार्ड 55 की भाजपा पार्षद पंखुड़ी डोसी का निवास है. फरियादी सुमित तलरेजा ने पुलिस को बताया कि देर रात प्रशांत करोसिया अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा. आरोपी पुराने विवाद में समझौते की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे. इसके बाद उन्होंने घर के बाहर लगा पार्षद का बोर्ड चाकू से फाड़ दिया और सुमित की ओर मारने के लिए दौड़े. अचानक हुए हमले से बचने के लिए सुमित मल्टी की दूसरी मंजिल स्थित अपने फ्लैट में दौड़कर पहुंचे और दरवाजा बंद कर लिया. पीछा करते हुए पहुंचे बदमाशों ने फ्लैट के दरवाजे पर लातें मारीं. इसके बाद अपार्टमेंट परिसर में रखे गमले और कुर्सियां तोड़ने के साथ वहां खड़े वाहनों में भी तोड़फोड़ की. आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए.
घटना के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बिल्डिंग में दौड़ते, गाली-गलौज करते और तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं. फरियादी की शिकायत पर संयोगितागंज पुलिस ने प्रशांत करोसिया निवासी गाड़ी अड्डा, अंश सिरसिया, प्रिंस सिरसिया और ऋषि सिरसिया निवासी मुराई मोहल्ला, सुमित खरे निवासी हार्ट मैदान और विशाल बौरासी निवासी पालदा के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. मामले में एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है.
