युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर परिवार और समाज का भी असर

इंदौर: युवाओं में बढ़ता मानसिक तनाव केवल उनकी व्यक्तिगत समस्या नहीं है, इसके पीछे पारिवारिक माहौल, सामाजिक अपेक्षाएं और शैक्षणिक प्रतिस्पर्धा जैसे कई कारण जिम्मेदार हैं. युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य को समझने के लिए उनके सामाजिक परिवेश को समझना भी जरूरी है.यह बात शासकीय माता जीजाबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. राजश्री शाह ने शुक्रवार को शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित व्याख्यान में कही. समाजशास्त्र विभाग की ओर से ‘युवा एवं मानसिक स्वास्थ्यः एक समाजशास्त्रीय परिप्रेक्ष्य’ विषय पर आयोजित व्याख्यान में प्रो. शाह ने कहा कि युवावस्था में पहचान बनाने, आत्मसम्मान बनाए रखने, भावनाओं को संतुलित करने और भविष्य को लेकर अनिश्चितता जैसी चुनौतियां रहती हैं.

इसके साथ परिवार और समाज की अपेक्षाओं का दबाव भी युवाओं को प्रभावित करता है. उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर खुलकर बातचीत होना जरूरी है. परिवार और शैक्षणिक संस्थानों में ऐसा वातावरण बनाया जाना चाहिए, जहां युवा बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं साझा कर सकें. सकारात्मक सामाजिक संबंध और समय पर उचित परामर्श मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मददगार हो सकते हैं. प्रो. शाह ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को केवल व्यक्तिगत स्तर पर देखने के बजाय परिवार, मित्र समूह, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संरचना के संदर्भ में भी समझना होगा. समाज का सहयोगात्मक रवैया युवाओं को मानसिक चुनौतियों से निपटने में मदद कर सकता है. कार्यक्रम में समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. निशा जैन, डॉ. शीतल झा, प्रो. ज्योति मेहता, प्रो. रेणुका उपाध्याय और प्रो. संगीता शर्मा मौजूद थीं। इसमें करीब 80 छात्राओं ने भाग लिया. कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. बी.डी. श्रीवास्तव के संरक्षण और प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी.पी. बैरागी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया.

Next Post

बॉक्स ऑफिस पर रजनीकांत का दबदबा, जेलर 2 ने वर्ल्डवाइड कलेक्शन में पहले पार्ट को 243 करोड़ से पछाड़ा

Sat Oct 31 , 2026
Rajinikanth Jailer 2 Collection: मुंबई, सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ लगातार मील के पत्थर साबित हो रही है। 16 दिनों में इस फिल्म ने दुनियाभर में 776 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है। बॉक्स ऑफिस पर गूंजता रजनीकांत का जादू और दर्शकों का भारी क्रेज किसी […]

You May Like