त्योहारी सीजन में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण, चार दुकानों से लिए गए खाद्य नमूने

सीधी । त्योहारी सीजन में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशन में गुरुवार को जिला प्रशासन, राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख मिष्ठान प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान चार दुकानों से खाद्य पदार्थों के चार नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं, खाद्य सामग्री की पैकिंग एवं लेबलिंग में अनियमितता पाए जाने पर सामग्री जब्त करने की कार्रवाई भी की गई। डिप्टी कलेक्टर स्वर्णा दीवान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे, नायब तहसीलदार परमसुख बंसल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश लोधी, सहायक आपूर्ति अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने फूड सेफ्टी वैन के साथ न्यू बस स्टैंड तिराहा स्थित अवध स्वीट्स, प्रेम स्वीट्स, जय श्री राजस्थान मिष्ठान भंडार एवं श्री राजस्थान मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया। इस दौरान मिक्सचर नमकीन, मोहनभोग, पेड़ा एवं छेना बर्फी के कुल चार नमूने जांच के लिए लिये गये। निरीक्षण के दौरान कुछ खाद्य सामग्री के पैकेट पर निर्माण तिथि, अवसान तिथि एवं लाइसेंस नंबर अंकित नहीं होने तथा विधिवत पैकिंग नहीं पाए जाने पर संबंधित सामग्री जब्त की गई। टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री के उचित रखरखाव, पैकिंग एवं लेबलिंग संबंधी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। मौके पर थाना प्रभारी जमोड़ी केदार परौहा के नेतृत्व में पुलिस बल भी मौजूद रहा।

लगातार जारी रहेगा निरीक्षण अभियान-

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे ने बताया कि दीपावली के अवसर पर मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जहां भी खाद्य सामग्री संदिग्ध पाई जाएगी, वहां नियमानुसार नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान लिए गए सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सीएमएचओ ने उपभोक्ताओं से अपील की कि पैकेटबंद खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण तिथि, अवसान तिथि एवं अन्य आवश्यक विवरण अवश्य जांचें। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर किसी भी प्रकार का संदेह होने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दें। आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा एवं खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने के लिए त्योहारी सीजन में यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Next Post

कर्नाटक सरकार ने दी एक नवंबर से नंदिनी दूध की कीमत आठ रुपये प्रति लीटर बढ़ाने की मंजूरी

Thu Oct 29 , 2026
बेंगलुरु, 29 अक्टूबर (वार्ता) कर्नाटक सरकार ने नंदिनी दूध की कीमत में एक नवंबर से आठ रुपये प्रति लीटर की वृद्धि को मंजूरी दी है। इसके साथ ही डेयरी किसानों को दूध की खरीद पर मिलने वाली कीमत 35 रुपये से बढ़कर 42 रुपये प्रति लीटर हो जायेगी। राज्य सरकार […]

You May Like