लखनऊ, 29 अक्टूबर (वार्ता) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि है कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई संपर्क की स्थिति अच्छी नहीं थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हुआ है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में डेढ़ एक्सप्रेस-वे थे, जबकि अब 10 एक्सप्रेस-वे संचालित हैं। इसी तरह, सात शहरों में मेट्रो सेवा शुरू हो चुकी है और हवाई संपर्क का भी विस्तार हुआ है।
मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क केवल दूरियां कम नहीं करते, बल्कि सुविधा बढ़ाने, समय बचाने और समृद्धि के नए अवसर उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में विकास की इन जीवन रेखाओं की स्थिति दयनीय थी, लेकिन डबल इंजन सरकार ने गति, व्यापकता और संपर्क के मंत्र के साथ इसमें बदलाव किया है।
योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में हवाई सेवाएं कुछ चुनिंदा शहरों तक सीमित थीं, जबकि अब 12 घरेलू और पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के माध्यम से हवाई संपर्क का विस्तार हुआ है। पहले प्रदेश के किसी भी शहर में मेट्रो सेवा नहीं थी, जबकि अब सात शहरों में मेट्रो लोगों के आवागमन को सुगम बना रही है।
उन्होंने कहा कि बेहतर संपर्क सुविधाओं से किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिल रही है और उद्यमियों के लिए कारोबार के नए अवसर खुल रहे हैं। इससे युवाओं की शिक्षा और रोजगार तक पहुंच आसान हुई है तथा कामकाजी लोगों के समय की बचत हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवहन सुविधाओं के विस्तार से पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है, जिसका लाभ स्थानीय परिवारों की आजीविका को मिल रहा है। गांवों से कस्बों और कस्बों से शहरों तक संपर्क सुविधाओं में सुधार से नागरिकों के जीवन में बदलाव आ रहा है। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में अवसरों का विस्तार, उद्यमों को प्रोत्साहन और परिवारों की खुशहाली नए भारत के नए उत्तर प्रदेश की पहचान बन रही है।
