मप्र पुलिस की कई इकाइयों को मिला आईएसओ प्रमाण

विशेष संवाददाता भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा थानों एवं कार्यालयों की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और जनोन्मुखी बनाने के प्रयासों के तहत अक्टूबर माह में भोपाल, सिवनी, छिंदवाड़ा और अलीराजपुर जिले की कई पुलिस इकाइयों को आईएसओ 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ है।

भोपाल में बैरागढ़ नहीं, बल्कि बागसेवनिया, अशोका गार्डन, कोलार और खजूरी थानों सहित अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त कार्यालय, जोन-3 को यह प्रमाणन मिला है। इससे पहले मिसरोद, रातीबड़ और महिला थाना भी आईएसओ प्रमाणित हो चुके हैं।

सिवनी जिले के कोतवाली थाना और महिला थाने को अपराध प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव तथा जनोन्मुखी सेवाओं में सुधार के लिए प्रमाणन दिया गया है।

छिंदवाड़ा जिले में मोहखेड़ थाना अंतर्गत उमरानाला पुलिस चौकी जिले की पहली और एकमात्र आईएसओ प्रमाणित पुलिस चौकी बनी है।

वहीं, अलीराजपुर जिले के उदयगढ़, आजाद नगर, चांदपुर और नानपुर थानों के अलावा रिजर्व पुलिस लाइन तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय को भी यह प्रमाणन प्राप्त हुआ है।

इस पहल का उद्देश्य पुलिस इकाइयों में गुणवत्ता प्रबंधन, जवाबदेही और कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार की व्यवस्था को मजबूत करना है।

 

Next Post

पति की तलाश में बेचा घर, 25 वर्षों से करवाचौथ का व्रत रख कर रही हैं लौटने की उम्मीद

Thu Oct 29 , 2026
गोविन्द बड़ोने ब्यावरा। राजगढ़ जिले की एक महिला 25 सालों से लापता अपने पति का आज तक इंतजार कर रही है. महिला ने पति की तलाश में अपना मकान तक बैच दिया. उसकी कुशलता के लिये वृद्धावस्था में भी वह निरंतर करवां चौथ का व्रत रख रही है. सारंगपुर तहसील […]

You May Like