सतना: स्टेट हाईवे पर दुर्घटनाओं का कारण बन रहे एक्सीडेंट प्रोन एरिया और ‘ब्लैक स्पॉट’ को समाप्त करने हेतु प्रशासन द्वारा बड़ी बेदखली व अतिक्रमण रोधी कार्रवाई की गई।हाटी मोड़ के पास सड़क की पटरियों पर उगी बड़ी झाड़-झंखाड़, झाड़ियों और संदिग्ध निर्माणों के कारण हाटी की ओर से आने वाले वाहनों की विजिबिलिटी प्रभावित हो रही थी, जिससे पूर्व में कई दुर्घटनाएं हो चुकी थीं। न्यायालय नायब तहसीलदार रघुराजनगर में पारित आदेश एवं जारी बेदखली नोटिस का अनुपालन करते हुए यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान एसडीएम रघुराजनगर राहुल सिलादिया, नायब तहसीलदार सुजीत नागेश, हल्का पटवारी राजेश प्रजापति, राजस्व निरीक्षक तोतलाल बंसल, चौकीदार रविदास एवं थाना सिविल लाइन सतना का पर्याप्त पुलिस बल मौके पर उपस्थित रहा। मौके पर निरीक्षण के दौरान ‘बेबी साहेब कैंटीन’ के नाम से गुमटी लगाकर अतिक्रमण किया जा रहा था। जांच में पाया गया कि बिना किसी वैध कनेक्शन के एलटी लाइन से कटिया लगाकर सीधे अवैध रूप से विद्युत चोरी की जा रही थी। इसके अतिरिक्त, घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग कर गुमटी संचालित की जा रही थी। एसडीएम के अनुसार इस कार्रवाई से हाईवे का ‘ब्लैक स्पॉट’ और संदिग्ध ढांचा धराशाही कर दिया गया है, जिससे अब हाटी मोड़ के पास दृश्यता स्पष्ट हो गई है और सड़क हादसों में कमी आएगी।
ड्रामा कर व्यवधान का प्रयास
अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया के दौरान अतिक्रमणकारियों द्वारा भारी ड्रामा किया गया। एक युवती छत पर चढ़ गई तथा मुख्य अतिक्रमणकर्ता (साहबलाल चौधरी) जबरदस्ती जमीन पर लेटकर शासकीय कार्य को बाधित करने लगा। महिलाओं द्वारा भी अनावश्यक रूप से रुकावट डालने का प्रयास किया गया। स्थिति को नियंत्रित करते हुए पुलिस ने व्यवधान उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों को हिरासत में लिया।
