विशेष संवाददाता भोपाल। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर भोपाल स्थित श्री विद्योदय तीर्थ में श्रद्धा और भक्ति का विशेष आयोजन हुआ। इस अवसर पर आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज एवं आचार्य समयसागर जी महाराज का जन्मोत्सव धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। आयोजन में भोपाल सहित आसपास के क्षेत्रों और अन्य शहरों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
बाल ब्रह्मचारी अविनाश भैया के मार्गदर्शन में विशेष पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। श्रद्धालुओं ने दोनों पूज्य आचार्यों के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। जैन समाज के लिए शरद पूर्णिमा का विशेष आध्यात्मिक महत्व है, क्योंकि आचार्य विद्यासागर जी महाराज और आचार्य समयसागर जी महाराज दोनों का जन्म इसी पावन तिथि को एक ही माता की कोख से हुआ था।
इस अवसर पर विद्योदय युवा महासंघ द्वारा भव्य वाहन रैली निकाली गई, जिसमें भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा श्रद्धालुओं ने भाग लिया। रैली के माध्यम से धर्म, भक्ति और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।
श्रद्धालुओं ने आचार्यों को श्रीफल एवं अर्घ्य अर्पित कर धर्म, संयम और गुरु भक्ति के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। आयोजन में पंचायत कमेटी, चातुर्मास कमेटी एवं निर्माण समिति के पदाधिकारियों सहित विभिन्न जैन मंदिरों के प्रतिनिधि, महिला मंडल और समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
