भोपाल। राजधानी भोपाल में गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा है। सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस हो रही है, जबकि दिन के तापमान में अभी ज्यादा गिरावट नहीं आई है। इसी बीच बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान के असर से मध्यप्रदेश के मौसम में बदलाव होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, आने वाले दिनों में प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में बना चक्रवाती तूफान अगले 24 घंटों में गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके बाद इसके और तीव्र होने तथा 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश और यानम तट के बीच बापटला और विशाखापट्टनम के आसपास तट पार करने का अनुमान है। इसके प्रभाव से मध्यप्रदेश में 28 से 30 अक्टूबर के बीच कई जिलों में हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर के लिए ऑरेंज अलर्ट और 28 व 30 अक्टूबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है, जबकि ग्वालियर-चंबल और भोपाल संभाग के कुछ जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, अगले चार दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो कई संभागों में यह सामान्य के आसपास बना हुआ है। कटनी में न्यूनतम तापमान करीब 14 डिग्री, पचमढ़ी में 13.6 डिग्री और भोपाल में सुबह का तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ऐसे में भोपाल में सुबह और रात के तापमान में अंतर के साथ ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। वहीं, चक्रवाती तूफान के प्रभाव से प्रदेश में बारिश और तापमान में गिरावट मौसम का मिजाज बदल सकती है।
