इंदौर: एक पति, छह शादियां और तलाक मांगने कोर्ट पहुंचीं तीन पत्नियां. इंदौर फैमिली कोर्ट में सामने आए इस मामले में उस समय दिलचस्प स्थिति बन गई, जब दैहिक शोषण के मामले में 10 साल की सजा काट रहे लखन को सुनवाई के लिए कोर्ट लाया गया. उसकी तीन पत्नियां एक साथ तलाक की मांग लेकर पहुंचीं, लेकिन पति किसी को भी तलाक देने को तैयार नहीं हुआ. करीब दो घंटे तक चली सुनवाई के दौरान लखन ने उलटे अपनी पत्नियों को ही धोखेबाज साबित करने की कोशिश की, जिस पर न्यायाधीश ने नाराजगी जताई.
फैमिली कोर्ट में जस्टिस श्रीगोयल की अदालत में लखन की पांचवीं और छठी पत्नी ने विवाह शून्य घोषित करने के लिए याचिका लगा रखी है. दोनों इंदौर की रहने वाली हैं, वहीं, उसकी चौथी पत्नी ने दूसरे जिले की अदालत में इसी तरह का दावा पेश किया है. उसे जब जानकारी मिली कि लखन को सुनवाई के लिए इंदौर फैमिली कोर्ट लाया जा रहा है, तो वह भी यहां पहुंच गई.
पांचवीं पत्नी की शिकायत पर हुई थी सजा…
लखन की पांचवीं पत्नी ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी और दैहिक शोषण की शिकायत दर्ज कराई थी. इसी मामले में उसे 10 साल की सजा हुई है और वह करीब एक साल से जेल में बंद है. बताया गया कि सजा होने से करीब दो महीने पहले ही उसने छठी शादी कर ली थी. इसके बाद उसकी पांचवीं और छठी पत्नी ने विवाह शून्य घोषित करने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया. सुनवाई के दौरान लखन ने अपनी तीनों पत्नियों पर ही आरोप लगाने शुरू कर दिए. अदालत में मौजूद वकीलों और अन्य पक्षकारों के बीच भी इस असामान्य मामले को लेकर चर्चा होती रही.
