चंडीगढ़, (वार्ता) चंडीगढ़ पुलिस को उत्कृष्ट सेवाओं और पेशेवर कार्यप्रणाली के लिए राष्ट्रपति पुलिस कलर सम्मान से नवाजा जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक नवंबर 2026 को पुलिस के 60वें स्थापना दिवस पर यह सम्मान प्रदान करेंगे। वर्ष 1966 में स्थापित चंडीगढ़ पुलिस ने छह दशकों में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा और आधुनिक पुलिसिंग के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
पुलिस को अब तक एक वीरता पदक, विशिष्ट सेवा के लिए 20 राष्ट्रपति पुलिस पदक, सराहनीय सेवा के लिए 108 पदक और 52 संयुक्त राष्ट्र पदक मिल चुके हैं। शहर में 2,085 सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क, सभी थानों में सीसीटीएनएस और 16 कानून-व्यवस्था थानों में ई-बीट प्रणाली लागू है। साइबर अपराधों की जांच के लिए विशेष केंद्र भी स्थापित किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 2009 से अब तक 60,501 आयोजनों की सुरक्षा संभाली गई है। आपातकालीन सेवा 112 का औसत रिस्पॉन्स टाइम 4 मिनट 33 सेकंड है। नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन, महिला एवं बाल सुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग और पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए भी विभिन्न पहल की गई हैं। 60वें स्थापना दिवस परेड के दौरान पुलिस अपनी उपलब्धियों और छह दशक की सेवा यात्रा को रेखांकित करेगी।
