
जबलपुर । राज्य शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को सुबह 10 बजे से जबलपुर कृषि उपज मंडी परिसर में जिला स्तरीय स्थितबलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा शेड क्रमांक-दस में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में जिले के लगभग तीन हजार किसानों के शामिल होने की संभावना है। बलराम कृषि महोत्सव से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी ऑनलाइन जुड़ेंगे और किसानों से संवाद करेंगे।
उप संचालक कृषि उमेश कुमार कटहरे के अनुसार जिला स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे सहित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी। इस अवसर पर जिले के प्रगतिशील किसानों एवं किसान परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी किया जाएगा।
उप संचालक कृषि ने बताया कि महोत्सव के दौरान कृषि विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों की लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक किसानों को विभिन्न विषयों पर व्याख्यान के माध्यम से नवीन तकनीकों और उन्नत कृषि पद्धतियों से अवगत कराएंगे। इसके अलावा संबंधित विभागों द्वारा जीवंत मॉडल का प्रदर्शन किया जाएगा और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कृषि एवं संबद्ध विषयों जैसे पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, प्राकृतिक खेती और जैविक खेती में नवीन एवं वैज्ञानिक तकनीकों के मध्य नवीन एवं वैज्ञानिक तकनीक सुधार से फसलों की उत्पादकता बढ़ाने, किसानों की आय में वृद्धि करने तथा कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाना है।
