
जबलपुर। पाटन थाना अंतर्गत जूरीकला स्थित हिरन नहर में सोमवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश उतराती मिली। मृतक की बाइक चीपाघाट के पास मिली है। युवक ने आत्महत्या की है या वे किसी हादसे का शिकार हुआ है इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस मर्ग कायम कर हर एंगल पर तफ्तीश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
पुलिस के मुताबिक कुंजन चड़ार निवासी जूरीकला ने सूचना दी कि वह ग्राम कोटवार है। सुबह लगभग 8 बजे नहर तरफ गया था तो देखा एक युवक का हिरन नदी के पानी में शव पड़ा था कुछ देर बाद पता चला कि एक मोटर सायकल चीपाघाट के पास पड़ी है जानकारी मिली कि उपरोक्त मोटर सायकल आशुतोष पाठक निवासी वार्ड नम्बर 7 पाटन की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतक की शिनाख्तगी के प्रयास शुरू किए तो शव की पहचान आशुतोष पाठक 30 वर्ष निवासी पाटन के रूप में हुयी। मौत किन परिस्थितियों में नहर में डूबने से हुई है इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस मर्ग कायम कर तफ्तीश कर रही है।
