विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे कल मोदी

नयी दिल्ली, 26 अक्टूबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को यहां उभरते विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार सम्मेलन 2026 का उद्घाटन करेंगे।

तीन दिन तक चलने वाले इस सम्मेलन में देश-विदेश के वैज्ञानिक, शोधकर्ता, नीति निर्माता और उद्योग जगत के विशेषज्ञ उभरती प्रौद्योगिकी और भारत की वैज्ञानिक प्राथमिकताओं पर चर्चा करेंगे।

सम्मेलन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, जैव प्रौद्योगिकी, उन्नत सामग्री, विनिर्माण, स्वास्थ्य, ऊर्जा, जलवायु और महासागर विज्ञान सहित 12 विषयों पर विचार-विमर्श होगा। इसमें शोध की प्राथमिकताओं, देश की तकनीकी क्षमताओं और वैज्ञानिक उपलब्धियों को व्यावहारिक उपयोग में लाने के तरीकों पर चर्चा की जाएगी।

सम्मेलन में स्वदेशी वैज्ञानिक उपलब्धियों और उभरती प्रौद्योगिकी को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनी भी लगेगी। इसमें गहन तकनीक से जुड़े करीब 150 स्टार्टअप अपने उत्पादों और तकनीकी विकास का प्रदर्शन करेंगे। तकनीकी प्रदर्शन, वृत्तचित्र, सूचना केंद्र और संवर्धित व आभासी वास्तविकता के माध्यम से भी वैज्ञानिक उपलब्धियों और उनके व्यावहारिक उपयोगों को दिखाया जाएगा।

सम्मेलन में पहली बार आयोजित होने वाले ‘ग्लोबल कनेक्ट नेटवर्किंग कार्यक्रम’ में देश-विदेश के शिक्षण संस्थानों, शोध संस्थानों और उद्योगों से जुड़े 300 से अधिक आमंत्रित प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय शोध साझेदारी बढ़ाना, शिक्षण संस्थानों और उद्योगों के बीच सहयोग मजबूत करना तथा प्रयोगशालाओं में विकसित नवाचारों को बाजार तक पहुंचाने के रास्ते तलाशना है।

 

Next Post

दिल्ली में 28 अक्टूबर को ट्रांसपोर्ट मेला

Mon Oct 26 , 2026
नयी दिल्ली, 26 अक्टूबर (वार्ता) सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय दिल्ली सरकार के सहयोग से 28 अक्टूबर को उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी स्थित वाहन निरीक्षण केंद्र में ट्रांसपोर्ट मेले का आयोजन करेगा। मेले में पुराने ट्रक और बसों के मालिकों को अपने वाहन कबाड़ कराने, नए वाहन खरीदने के लिए […]

You May Like