मिदनापुर, 26 अक्टूबर (वार्ता) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आगामी हल्दिया नगरपालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए सभी 30 सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर सीधा हमला करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खाली हाथ लौटेंगी।
श्री अधिकारी ने सोमवार को पूर्वी मिदनापुर में भाजपा के तमलुक संगठनात्मक जिला कार्यालय की आधारशिला रखने के दौरान कहा, “30 में से सभी 30 सीटें जीतनी होंगी। हमें ममता बनर्जी को भिक्षा का कटोरा लेकर खाली हाथ वापस भेजना है।”
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने जानबूझकर भाजपा के जिला कार्यालयों के निर्माण की मंजूरी रोक रखी थी। उन्होंने दावा किया कि सरकार बदलने के बाद प्रशासनिक विभाग निष्पक्ष रूप से काम कर रहे हैं और जरूरी योजनाओं तथा अनुमतियों को मंजूरी दे रहे हैं।
श्री अधिकारी ने कहा कि तमलुक कार्यालय के लिए भूमि उपयोग परिवर्तन, दाखिल-खारिज और भवन निर्माण योजना सहित आवश्यक मंजूरियां हासिल करने में पार्टी को करीब दो साल तक संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकार ने उन 15 जिला कार्यालयों का काम रोक रखा था, जिनके लिए पार्टी के पास पहले से जमीन थी।
उन्होंने कहा, “अब प्रशासन नियमों के अनुसार काम कर रहा है। हमने निर्धारित शुल्क का भुगतान किया है और जरूरी मंजूरियां हासिल कर ली हैं। जो नियम एक आम नागरिक पर लागू होते हैं, वही हम पर भी लागू होते हैं।”
लक्ष्मी पूजा के बाद उत्सवी अवधि में आयोजित आधारशिला समारोह पश्चिम बंगाल में अपना संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने की भाजपा की व्यापक पहल का हिस्सा था।
श्री अधिकारी ने बताया कि पार्टी के राज्य में 10 स्थायी जिला कार्यालय हैं और 15 अन्य कार्यालयों का निर्माण शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित तमलुक कार्यालय में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों के अलावा बंगाल के इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रवाद और भारतीय संस्कृति को समर्पित एक वाचनालय-सह-पुस्तकालय भी बनाया जाएगा।
अविभाजित मिदनापुर क्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तकालय में ताम्रलिप्त बंदरगाह, स्वतंत्रता संग्राम और देशप्राण बीरेन्द्रनाथ सासमल, सतीश सामंत, सुशील धारा तथा अजय मुखर्जी जैसी प्रमुख हस्तियों के योगदान का दस्तावेजीकरण किया जाएगा। महाराजा नंदकुमार और अन्य ऐतिहासिक व्यक्तित्वों से जुड़ी जानकारी भी यहां संकलित की जाएगी।
श्री अधिकारी ने कहा, “कार्यालय केवल पार्टी गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा। हमारी वर्तमान और भावी पीढ़ियों, विद्यार्थियों तथा युवाओं को बंगाल के इतिहास, देशभक्ति, भारतीय संस्कृति और तमलुक की विरासत के बारे में जानना चाहिए।” उन्होंने बताया कि कार्यालय परिसर में पूर्णकालिक पार्टी कार्यकर्ताओं के ठहरने की व्यवस्था भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने जिला अध्यक्ष से अपने लिए भी एक कमरा आरक्षित रखने को कहा है, ताकि वह कभी-कभी वहां रात बिता सकें।
श्री अधिकारी ने चोरबागान भगदड़ की घटना का भी जिक्र किया और इसमें 19 लोगों की मौत तथा 25 लोगों के घायल होने पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि घायलों का उपचार किया गया और वे घर लौट चुके हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने पूर्वी मिदनापुर के रामनगर के एक पीड़ित परिवार सहित शोक संतप्त परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की थी।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष राज्य में प्रशासन और आम लोगों के सहयोग से 66,000 दुर्गा पूजा आयोजनों का आयोजन किया गया। इनमें 13,000 ऐसी पूजा समितियां शामिल थीं, जिन्हें पहली बार मंजूरी मिली। उनके अनुसार, आयोजकों को अनुमति के लिए कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख नहीं करना पड़ा।
श्री अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार बंगाल की सांस्कृतिक परंपराओं और सनातन विरासत की रक्षा करती रहेगी।
समारोह में भाजपा के तमलुक संगठनात्मक जिला अध्यक्ष मलय सिन्हा, मंत्री हरेकृष्ण बेरा और अशोक डिंडा, जिला परिषद सभाधिपति बामदेव घोष तथा पार्टी के अन्य नेता और पदाधिकारी मौजूद थे।
