अखिलेश पाठक ने पावरग्रिड के निदेशक (परियोजना) का कार्यभार संभाला

गुरुग्राम। अखिलेश पाठक ने 30 सितंबर 2026 से पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (POWERGRID) के निदेशक (परियोजना) का कार्यभार संभाल लिया है। पावरग्रिड विद्युत मंत्रालय के अधीन महारत्न केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम (CPSE) है।

इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में स्नातक पाठक वर्ष 1993 में पावरग्रिड के पहले बैच में एग्जीक्यूटिव ट्रेनी के रूप में शामिल हुए थे। उन्होंने हार्वर्ड बिजनेस स्कूल का Harvard ManageMentor Programme भी पूरा किया है। विद्युत क्षेत्र में 32 वर्ष से अधिक के अनुभव के दौरान उन्होंने ट्रांसमिशन सिस्टम प्लानिंग, परियोजना क्रियान्वयन, परियोजना प्रबंधन, बिजनेस डेवलपमेंट और रणनीतिक बुनियादी ढांचा विकास में काम किया है।

पावरग्रिड के प्रोजेक्ट मैनेजमेंट विभाग में कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंपनी के अब तक के सर्वाधिक कैपेक्स उपयोग और उच्च परिसंपत्ति पूंजीकरण तथा ट्रांसमिशन लाइन वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। परियोजनाओं से जुड़ी जटिल समस्याओं के समाधान में हितधारकों के समन्वय और प्रभावी निगरानी में भी उनका योगदान रहा।

पाठक ने नेपाल में अरुण-3 SAPDC ट्रांसमिशन परियोजना का सफल नेतृत्व किया और सीमा-पार, नियामकीय तथा भौगोलिक चुनौतियों से निपटते हुए परियोजना को आगे बढ़ाया। उन्होंने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में परामर्श सेवाओं के विस्तार तथा राजस्व वृद्धि से जुड़ी पावरग्रिड की बिजनेस डेवलपमेंट गतिविधियों में भी योगदान दिया।

निदेशक (परियोजना) नियुक्त होने से पहले पाठक पावरग्रिड में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (प्रोजेक्ट मैनेजमेंट) के पद पर कार्यरत थे।

You May Like