देवसर बस स्टैंड पर कंडक्टरों का उत्पात, यात्रियों के सामने गाली-गलौज

सिंगरौली/देवसर बस स्टैंड में जियावन थाना के सामने बसों के समय को लेकर बस कंडक्टरों के बीच विवाद और गाली-गलौज किए जाने की शिकायत सामने आई है। सार्वजनिक स्थल पर होने वाले इस तरह के विवादों से बसों में बैठे यात्रियों सहित आसपास मौजूद आम लोगों को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है, क्योंकि यहां महिलाएं, बच्चे और परिवार के अन्य सदस्य भी आवागमन करते हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बसों के समय और संचालन को लेकर कंडक्टरों के बीच होने वाले विवाद कई बार गाली-गलौज तक पहुंच जाते हैं। इससे बस स्टैंड का माहौल प्रभावित होता है और यात्रियों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ती है। बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थान पर यात्रियों की सुविधा और सम्मान का ध्यान रखा जाना जरूरी है, लेकिन विवाद की स्थिति में आम लोगों को भी अपशब्द सुनने पड़ते हैं।

पुलिस प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग

इस मामले में स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। समाजसेवी संदीप शुक्ला ने कहा कि जियावन थाना पुलिस को इस तरह की गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए, ताकि सार्वजनिक स्थल पर गाली-गलौज और विवाद की स्थिति पर रोक लग सके। उन्होंने कहा कि बसों के संचालन और समय को लेकर यदि कोई समस्या है, तो उसका समाधान आपसी समन्वय और निर्धारित व्यवस्था के तहत किया जाना चाहिए, न कि यात्रियों के सामने विवाद करके।

स्थानीय लोगों की मांग है कि बस स्टैंड पर निगरानी बढ़ाई जाए और विवाद करने वालों को समझाइश देने के साथ नियमानुसार कार्रवाई की जाए.

Next Post

कृषि विभाग के दलों ने 10 खाद दुकानों का किया औचक निरीक्षण

Mon Oct 26 , 2026
ग्वालियर: जिले के किसानों को राज्य शासन द्वारा लागू की गई ई-टोकन व्यवस्था के तहत पारदर्शिता के साथ गुणवत्तायुक्त खाद उपलब्ध कराने के लिये जिला प्रशासन द्वारा लगातार खाद-बीज की दुकानों का निरीक्षण कराया जा रहा है। किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के दलों द्वारा जिले की 10 खाद […]

You May Like