छिरौही गांव के पहाड़ी के पत्थर में मिली माता की आकृति,पूजन करने उमड़े श्रद्धालु

रामपुर नैकिन (सीधी)। भंवरसेन पहाड़ के समीप छिरोही गांव के समीपी भंवरसेन पहाड़ पर एक पत्थर में माता की आकृति दिखने के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। नवरात्रि से शुरू हुई इस घटना को ग्रामीण आस्था से जोडक़र देख रहे हैं। अभी तक हजारों लोग दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं।
दावा किया जा रहा है कि इंदौर के पीथमपुर में नौकरी करने वाले बसंत लाल सिंह गोंड़ को लगातार सपने आ रहे थे। सपनों में माता उन्हें अपने स्थान पर आने को कहती थीं। नवरात्रि की चौथी तिथि को फिर सपना आया, जिसके बाद बसंत 13 अक्टूबर को गांव के लिए निकले। 15 अक्टूबर को उन्होंने नीम के पेड़ के नीचे तलाश की और पत्थर में माता की आकृति दिखने की बात कही। श्रद्धालु ग्रामीणों के अनुसार पत्थर के निचले हिस्से में आंख और नाक जैसी आकृति दिखती है जिसे श्रद्धालु माता का स्वरूप मान रहे हैं। यह स्थान पहाड़ पर 300 से 400 फीट की ऊंचाई पर है जिससे भक्तों को पहुंचने में परेशानी हो रही है।

15 अक्टूबर को मिली थी माता जैसी आकृति

छिरोही गांव के निवासी बसंत लाल सिंह गोंड़ ने दावा किया कि माता ने उन्हें सपने में बुलाया था। उनके मुताबिक 15 अक्टूबर को नीम के पेड़ के नीचे माता जैसी आकृति मिली। इसके बाद यह खबर फैल गई और पहाड़ी पर दर्शन के लिए हजारों लोग पहुंचने लगे।

संकरे रास्तों पर हादसों का खतरा

छिरोही गांव की पहाड़ी पर माता के दर्शन के लिए रोज तीन हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पहाड़ी पर जाने का रास्ता संकरा है और चट्टान पर स्थित माता के स्थान तक पहुंचने में दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इसे देखते हुए वन विभाग ने सुरक्षा बढ़ाई है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई और दो वन कर्मचारियों की तैनाती की गई है। विभाग ने श्रद्धालुओं से पहाड़ी पर चढ़ते समय सतर्क रहने की अपील की है।

वन भूमि से हटाई जाएंगी 12 से ज्यादा दुकानें

श्रद्धालुओं की भीड़ बढऩे के साथ पहाड़ी के आसपास 12 से ज्यादा दुकानें खुल गई हैं। वन विभाग ने वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की है। विभाग ने साफ किया है कि वन भूमि पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Next Post

सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा आज पहुंचेगी सारंगपुर

Mon Oct 26 , 2026
विशेष संवाददाता भोपाल: पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा सोमवार को सातवें दिन शाजापुर से शुरू होकर राजगढ़ जिले के सारंगपुर पहुंचेगी। सुबह 8 बजे एबी रोड स्थित वाटर पार्क से साधु-संतों एवं अन्य सहभागियों के साथ पदयात्रा प्रारंभ होगी। यह उकावता […]

You May Like