ग्वालियर में डॉक्टर दंपती के घर से 25 लाख रुपए गायब

ग्वालियर: नया बाजार स्थित मूंदड़ा नर्सिंग होम में डॉक्टर दंपती के बेडरूम से 25 लाख रुपए चोरी होने का मामला सामने आया है। रकम एक बैग में रखी थी जो छोटी अलमारी के अंदर था। जब डॉक्टर ने अलमारी खोली तो ताला सही-सलामत था और बैग भी अपनी जगह रखा था लेकिन उसमें रुपए नहीं मिले। करीब 35 दिन बाद कोतवाली पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
मूंदड़ा नर्सिंग होम की संचालक डॉ. पूजा मूंदड़ा ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 18 अगस्त को शाम करीब 6 बजे बेडरूम में रखी लकड़ी की अलमारी में बैग के अंदर 25 लाख रुपए रखे थे। रकम में 500-500 रुपए के नोटों की 50 गड्डियां थीं। इसके बाद उन्होंने अलमारी में ताला लगा दिया था। करीब एक महीने बाद 19 सितंबर को अलमारी खोलने पर बैग खाली मिला। अलमारी या बैग पर किसी तरह की तोड़फोड़ के निशान नहीं थे।
डॉ. पूजा मूंदड़ा ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति डॉ. अंशुमान मूंदड़ा के साथ नया बाजार के हुजरात रोड स्थित नर्सिंग होम की ऊपरी मंजिल पर रहती हैं। 18 अगस्त को उन्होंने बेडरूम के कोने में रखी छोटी लकड़ी की अलमारी में बैग के अंदर नकदी रखी थी। रकम रखने के बाद अलमारी पर छोटा ताला लगा दिया गया था। 19 सितंबर को किसी काम से अलमारी खोली गई तो बैग अपनी जगह था लेकिन उसमें रखे 25 लाख रुपए गायब थे। अलमारी का ताला भी टूटा नहीं था। दंपती के लिए यह बात हैरान करने वाली थी कि इतनी बड़ी रकम गायब हो गई जबकि अलमारी और बैग को बाहर निकाले जाने के निशान नहीं थे।
डॉ. पूजा के मुताबिक अलमारी की चाबी आमतौर पर उनके पास रहती थी। हालांकि कभी-कभी जल्दबाजी में चाबी बेडरूम में ही छूट जाती थी। घटना के बाद दंपती ने अपने स्तर पर पूछताछ शुरू की और अस्पताल में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी। इसके बावजूद उन्हें चोरी से जुड़ा कोई साफ सुराग नहीं मिला।
सीसीटीवी फुटेज में नहीं मिला सुराग
दरअसल डॉ. पूजा मूंदड़ा ने बेडरूम में साफ-सफाई करने वाली महिला कर्मचारी पर संदेह जताया है। उनके अनुसार उनकी गैरमौजूदगी में महिला कर्मचारी बेडरूम में सफाई करने आती थी। चाबी कभी-कभी कमरे में छूट जाने की वजह से दंपती को शक हुआ। हालांकि अब तक महिला कर्मचारी के चोरी में शामिल होने का कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है। रुपए गायब मिलने के बाद दंपती ने घर में काम करने वाली महिला से पूछताछ की थी। उसने चोरी की जानकारी होने से इनकार किया। इसके बाद अस्पताल में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली गई लेकिन बेडरूम की तरफ किसी संदिग्ध के आने-जाने का स्पष्ट सुराग नहीं मिला है।

Next Post

ग्वालियर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: त्योहारों के मद्देनजर देर रात कॉम्बिंग गश्त, 207 वारंटी गिरफ्तार

Mon Oct 26 , 2026
ग्वालियर: त्योहारों के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के उद्देश्य से ग्वालियर पुलिस ने 25-26 अक्टूबर की दरमियानी रात विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। प्रभारी पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पूर्व) डॉ. शिवेश सिंह बघेल सहित सभी राजपत्रित […]

You May Like