मोदी, शाह ने की मतदाताओं से मतदान करने की अपील

नयी दिल्ली 05 फरवरी (वार्ता) दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों के लिए बुधवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया और मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय राजधानी के मतदाताओं से अपने घरों से बाहर निकलकर बढ़ चढ़कर मतदान करने की अपील की है।

राजधानी के अधिकतर मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही मतदाताओं को मतदान करते देखा गया है।

श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “दिल्ली विधानसभा चुनाव में आज सभी सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। यहां के मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लें और अपना कीमती वोट जरूर डालें। इस अवसर पर पहली बार वोट देने जा रहे सभी युवा साथियों को मेरी विशेष शुभकामनाएं. याद रखना है- पहले मतदान, फिर जलपान।”

वहीं, गृहमंत्री शाह ने कहा, “दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतदान के लिए जा रहे बहनों-भाइयों से अपील करता हूं कि वे झूठे वादों, प्रदूषित यमुना, शराब के ठेकों, टूटी सड़कों और गंदे पानी के खिलाफ वोट करें। आज एक ऐसी सरकार बनाने के लिए बढ़-चढ़कर मतदान करें, जिसके पास जनकल्याण का मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड हो और दिल्ली के विकास का स्पष्ट विजन भी हो। आपका एक वोट दिल्ली को दुनिया की सबसे विकसित राजधानी बना सकता है। पहले मतदान करें, फिर जलपान करें।”

दिल्ली विधानसभा चुनाव में 699 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनके भाग्य को फैसला आज मतदाता इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में बंद कर देंगे और सभी प्रत्याशियों की किस्मत फैसला आठ फरवरी को आयेगा। चुनाव तीन प्रमुख दलों- सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप), विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस पार्टी के बीच है। राष्ट्रीय राजधानी के कई सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला भी देखने को मिलेगा।

चुनाव परिणाम आठ फरवरी को आयेंगे।

 

Next Post

राशिफल-पंचांग : 05 फरवरी 2025

Wed Feb 5 , 2025
Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like

मनोरंजन