
रीवा। एसआईआर और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सेकेट्री अशोक अर्जुनराव जगताप ने रविवार को रीवा में प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुये भाजपा का एजेंट बताया। उन्होंने कहा कि देश में 13 करोड़ 30 लाख से अधिक लोगों का नाम वोटर लिस्ट से काट दिया गया है। उन्हें वोट से बिना कारण वंचित किया गया है। यह सीधे तौर पर देश के संविधान से गद्दारी है। कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी पिछले दो साल से एसआईआर, ईव्हीएम और वोट चोरी के मुद्दे को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। वोट चोरी साबित भी हो चुकी है। इसके बाद भी चुनाव आयुक्त को नहीं हटाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उनके ही लोगों ने 14 बार लिखित आपत्ति जताई है। उन्हीं की बातों को लेकर राहुल गांधी मैदान में उतर कर संघर्ष कर रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा था कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश से एसआईआर किया जा रहा है, जिसका स्वयं सुप्रीम कोर्ट ने संज्ञान लेते हुये खंडन किया है। चुनाव आयोग को संविधान ने निष्पक्ष चुनाव कराने का जिम्मा दिया था, ना कि वोट काटने का। बिना कारण वोट काटना संविधान के साथ गद्दारी है। यदि इस मामले को राहुल गांधी उजागर नहीं करते तो भाजपा की वोट चोरी जारी रहती। श्री जगताप ने आगे कहा कि हाल ही में जो चुनाव हुये हैं वो निष्पक्ष नहीं है। भाजपा वोट चोरी कर सत्ता में काबिज हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुये कहा कि किसानों ने तीन काले कानून को लेकर 370 दिन तक प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री आवास से एक किमी की दूरी पर ही किसानों का प्रदर्शन चल रहा था, लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि किसानों की बात करने वाले प्रधानमंत्री उनसे मिलते तक नहीं पहुंचे। इतना ही नहीं आज तक उन्होंने मन की बात तक में किसानों का कोई जिक्र नहीं किया। भाजपा राहुल गांधी को पप्पू बता रही थी, लेकिन अब वे पप्पा बन गये हैं। भाजपा ने चोरी छिपे वर्ष 2023 में संविधान की धारा 6 में बदलाव कर दिया। जिससे चुनाव आयोग और चीफ जस्टिस पर कार्रवाई न हो सके। इसी का फायदा उठा कर अब भाजपा वोट चोरी कर सत्ता हथिया रही है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी और आरएसएस गांधी परिवार से डरते हैं। जबाव देने के लिये संसद में प्रधानमंत्री आते ही नहीं है। उन्होंने कहा कि गोरों के जमाने में देशी की जो स्थिति थी वह भाजपा शासनकाल में देखने को मिल रही है। प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष ग्रामीण इंजी. राजेन्द्र शर्मा, शहर अध्यक्ष अशोक पटेल, सेमरिया विधायक अभय मिश्रा, महापौर अजय मिश्रा बाबा, पार्षद धनेन्द्र सिंह समेत अन्य मौजूद थे।
