नाकाबंदी तोडक़र भागे तस्कर, पीछा करने पर पलटी पिकअप; 7 क्विंटल डोडाचूरा जब्त

नीमच। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जीरन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 700 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 35 लाख रुपये और परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन की कीमत 5 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल 40 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप प्रदेश को नशामुक्त बनाने तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा जीरन थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

बैरिकेडिंग तोडक़र भागे, पुलिस ने किया पीछा

पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर 2026 को हर्कियाखाल पुलिस सहायता केंद्र के सामने फोरलेन मार्ग पर नीमच की ओर से आने वाले वाहनों की जांच के लिए नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान पिकअप क्रमांक एमपी-13-जीए-9723 वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने गति बढ़ाकर बैरिकेडिंग को टक्कर मारी और सडक़ के कट से मुडक़र वापस नीमच की ओर भागने लगा।

पुलिस टीम ने तत्काल वाहन का पीछा शुरू किया। चालक जेतपुरा फंटे से मनासा मार्ग की ओर मुड़ा और फिर दुलाखेड़ा मार्ग से होते हुए पुलिस को चकमा देने का प्रयास करने लगा। पुलिस लगातार उसका पीछा करती रही। इस दौरान पिकअप ग्राम गिरदौड़ा और रेवली-देवली होते हुए ग्राम पिपलिया नाथावत फंटे की ओर पहुंची।

तेज गति से मोडऩे पर पलटी पिकअप

पुलिस के अनुसार, तेज गति से वाहन मोडऩे के दौरान पिकअप पलट गई। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों को बाहर निकाला और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की।

आरोपियों की पहचान लालसिंह पिता भंवरसिंह राजपूत, उम्र 38 वर्ष, तथा नरेन्द्रसिंह पिता भंवरसिंह राजपूत, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम पिपलिया नाथावत, थाना नीमच सिटी, जिला नीमच के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वाहन में डोडाचूरा भरा होने के कारण पकड़े जाने के डर से नाकाबंदी से भागने की बात बताई।

35 कट्टों में मिला 700 किलो डोडाचूरा

दुर्घटनाग्रस्त पिकअप की तलाशी लेने पर उसके पीछे के हिस्से में काले रंग के कट्टे भरे मिले। वाहन पलटने के कारण कुछ कट्टे सडक़ पर बिखर गए थे, जिन्हें पुलिस ने एकत्रित किया। तलाशी के दौरान कुल 35 कट्टे बरामद हुए। प्रत्येक कट्टे में 20 किलोग्राम डोडाचूरा था। इस प्रकार कुल 700 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ जब्त किया गया।

पुलिस ने डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 35 लाख रुपये और पिकअप वाहन की कीमत 5 लाख रुपये आंकी है। कुल जब्त सामग्री का मूल्य 40 लाख रुपये बताया गया है।

एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज

मामले में थाना जीरन पर अपराध क्रमांक 280/2026 के तहत स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 8/15 एवं 29 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत, तस्करी में शामिल अन्य व्यक्तियों और परिवहन नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस की कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी

लालसिंह पिता भंवरसिंह राजपूत, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम पिपलिया नाथावत, थाना नीमच सिटी, जिला नीमच।

नरेन्द्रसिंह पिता भंवरसिंह राजपूत, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम पिपलिया नाथावत, थाना नीमच सिटी, जिला नीमच।

जब्त सामग्री: 700 किलोग्राम डोडाचूरा, अनुमानित कीमत 35 लाख रुपये तथा पिकअप वाहन, अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये। कुल अनुमानित मूल्य 40 लाख रुपये।

Next Post

नृत्य से जीवंत हुई महिषासुर मर्दन की गाथा, महाकाल के तेज का किया बखान

Sun Oct 25 , 2026
ग्वालियर। 21वें आईटीएम उद्भव उत्सव इंटरनेशनल कल्चरल ओलंपियाड के दूसरे दिन आईटीएम यूनिवर्सिटी में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भारतीय पौराणिक कथाओं, आध्यात्मिक आस्था और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक विविधता का अनूठा संगम देखने को मिला। विभिन्न कॉलेजों और संस्थानों के 450 विद्यार्थियों ने क्लासिकल और सेमी क्लासिकल नृत्य की 28 प्रस्तुतियों के […]

You May Like