
इंदौर. गुजरात में साइबर ठगी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गुजरात पुलिस ने लसूडिया पुलिस की मदद से इंदौर से पकड़ा है. आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए गुजरात पुलिस के सुपुर्द कर दिया.
गुजरात के सूरत ग्रामीण जिले के कडोदरा थाने में साइबर ठगी के मामले में केस दर्ज है. इस मामले में पुलिस ने पहले मुख्य आरोपी के कब्जे से बड़ी संख्या में फर्जी सिम कार्ड और म्यूल बैंक खाते बरामद किए थे. जांच के दौरान सामने आए अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही थी. इसी कड़ी में कडोदरा थाने की पुलिस टीम आरोपी की तलाश में इंदौर पहुंची थी. गुजरात पुलिस ने लसूडिया पुलिस के सहयोग से निपानिया स्थित अमृत पैलेस से मयंक जैन उम्र 25 साल, पिता ओमप्रकाश जैन को हिरासत में लिया. संयुक्त कार्रवाई के बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए कडोदरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया. एडीसीपी अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि गुजरात पुलिस की सूचना पर लसूडिया पुलिस ने फरार आरोपी को पकड़ने में सहयोग किया. आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए गुजरात पुलिस के सुपुर्द किया है.
