बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र सोमवार को तमिलनाडु में ले सकता है तूफान का रूप

चेन्नई, 25 अक्टूबर (वार्ता) बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र और मजबूत होकर सोमवार सुबह चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। इसके बाद मंगलवार को इसके भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने और बुधवार सुबह तक अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान का रूप लेने का अनुमान है। इस बीच, तमिलनाडु के कई हिस्सों में बारिश जारी है। चेन्नई और आसपास के जिलों में भी शनिवार रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार सुबह जारी राष्ट्रीय बुलेटिन में इस संबंध में ऑरेंज अलर्ट संदेश जारी किया। बुलेटिन के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बना दबाव का क्षेत्र पिछले छह घंटों के दौरान पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण-पूर्व की ओर बढ़ा। रविवार सुबह 5.30 बजे यह इसी क्षेत्र में केंद्रित था। यह अंडमान द्वीपसमूह के श्री विजयपुरम से लगभग 440 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम में, आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से 880 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में, काकीनाडा से 980 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में, मछलीपट्टनम से 1,080 किलोमीटर पूर्व में और बापटला से 1,150 किलोमीटर पूर्व में स्थित था।

इसके आज लगभग दक्षिण की ओर बढ़ने, गहरे दबाव के क्षेत्र में बदलने और फिर धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में मुड़ने का अनुमान है। यह गतिविधि बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी हिस्से में होने का अनुमान है। इसके बाद पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए यह सोमवार सुबह तक बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और उससे सटे पश्चिम-मध्य हिस्से में ‘अर्नब’ नामक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। मंगलवार सुबह तक इसके पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में भीषण चक्रवाती तूफान बनने के आसार हैं। इसके बाद तूफान के उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और और अधिक शक्तिशाली होकर अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान बनने का अनुमान है। इसके बुधवार, 28 अक्टूबर की सुबह तक आंध्र प्रदेश के तट के निकट पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में पहुंचने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, यह तूफान 28 अक्टूबर को पूर्वाह्न तक बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश तथा यानम के तटों से अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में टकरा सकता है। इस दौरान हवा की अधिकतम निरंतर रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा रहने और झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है।

.....

Next Post

शाजापुर में दिग्विजय सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस, राम मंदिर के चंदे से वक्फ जमीन तक उठाए सवाल

Sun Oct 25 , 2026
शाजापुर: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा पांचवें दिन शाजापुर पहुंची। यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने राम मंदिर के चंदे, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS), EVM और वक्फ की जमीनों को लेकर कई सवाल उठाए। दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर को मिले दान का विस्तृत […]

You May Like