रामलीला मैदान की महारैली की तैयारियों को लेकर कांग्रेस की लगातार दूसरे दिन बैठक

नयी दिल्ली, 24 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन की एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया ब्लॉक की महारैली की तैयारियों को लेकर शनिवार को लगातार दूसरे दिन बैठक की।

कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल के अनुसार शनिवार को इंदिरा भवन में विभिन्न अग्रिम संगठनों और विभागों के अध्यक्षों तथा प्रभारियों के साथ बैठक कर रैली की तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा, सेवादल अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और कांग्रेस की छात्र इकाई के अध्यक्ष विनोद जाखड़ सहित कई नेता मौजूद थे।

इससे पहले शुक्रवार को भी महारैली की तैयारियों को लेकर बैठक हुई थी, जिसमें कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया था। बैठक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे। इसके बाद हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ भी तैयारियों की समीक्षा की गई थी।

कांग्रेस ने दावा किया है कि एक नवंबर को होने वाली इस महारैली में देशभर से 10 लाख लोग शामिल होंगे। पार्टी इसे कथित वोट चोरी के खिलाफ अपने अभियान का अहम पड़ाव बता रही है।

.....

Next Post

रेलवे में पॉइंट्समैन, ट्रैफिक गेटमैन पर बढ़ा है काम का बोझ , ड्यूटी अवधि की होगी समीक्षा

Sat Oct 24 , 2026
नयी दिल्ली, 24 अक्टूबर (वार्ता)। रेलवे बोर्ड ने रेलवे के सभी जोनों को पॉइंट्समैन और ट्रैफिक गेटमैन के कार्य के घंटों तथा सेवा के वर्गीकरण की समीक्षा करने के निर्देश दिये हैं। यह काम समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना है। समझा जाता है कि ट्रेनों के परिचालन में वृद्धि, […]

You May Like