इंदौर: क्राइम ब्रांच के दो मामलों में फरार चल रहे ब्राउन शुगर तस्करी के आरोपी को अन्नपूर्णा पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से 9 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपए आंकी गई है. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है.अन्नपूर्णा पुलिस की टीम गश्त और चेकिंग करते हुए मिश्र नगर तालाब के पास पहुंची थी. यहां एक युवक बैठा दिखाई दिया.
पुलिस को देखकर वह घबराने लगा, संदेह होने पर टीम ने उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसकी पहचान सुजल उर्फ लड्डू चौहान उम्र 24 साल, निवासी लाल बहादुर शास्त्री नगर, इंदौर के रूप में हुई. थाना प्रभारी हितगोपाल यादव ने बताया कि तलाशी लेने पर उसके पास से 9 ग्राम ब्राउन शुगर मिली. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है.
एनडीपीएस, मारपीट, धमकी के मामले पूर्व से भी दर्ज हैं आरोपी पर
जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से अन्नपूर्णा, द्वारिकापुरी और क्राइम ब्रांच में मारपीट, धमकी और मादक पदार्थों से जुड़े मामले दर्ज हैं. क्राइम ब्रांच के दो मामलों में वह फरार चल रहा था. पुलिस अब उससे ब्राउन शुगर के स्रोत, सप्लायर और खरीदारों के संबंध में पूछताछ कर रही है
