जबलपुर। बरगी थाना अंतर्गत पिपरिया में वाहन में मामूली खरोंच लगने की बात को लेकर एक दबंग परिवार ने घर में घुसकर एक ही परिवार के 5 सदस्यों पर लाठी, डंडों और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में युवक सहित उसके बुजुर्ग माता-पिता, भाई और भाभी को चोटें आई हैं। हमलावरों ने घर के आंगन में खड़े वाहनों में भी जमकर तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पिपरिया निवासी दुर्गेश साहू (26) की आपे ऑटो से सटाकर गांव के सुरेन्द्र श्रीपाल ने अपनी ईको कार निकाली, जिससे कार में खरोंच लग गई। इस बात से नाराज होकर सुरेन्द्र श्रीपाल अपने परिजनों सौरभ, लल्लू उर्फ नरेन्द्र, दीपेंश और बेटे सचिन के साथ लाठी-डंडे और पत्थर लेकर दुर्गेश के घर में घुस गया। आरोपियों ने दुर्गेश की नाक और आंख के पास चोट पहुंचाई। बीच-बचाव करने आए उसके पिता जुगल किशोर, भाई अमित, मां सुनीता बाई और भाभी काजल साहू को भी लाठी और पत्थरों से मारकर लहूलुहान कर दिया। हमलावरों ने आंगन में खड़ी आपे ऑटो और अन्य गाड़ी में भी तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
