बुधनी। असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक विजयादशमी पर्व बुधनी में मंगलवार को धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाएगा. हिउस के तत्वावधान में दशहरा मैदान में 45 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे. रामलीला, राम-रावण युद्ध, रावण दहन, भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक, आतिशबाजी और भजन संध्या आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहेंगे.
महोत्सव की शुरुआत रामलीला मंचन से होगी. इस दौरान निषादराज गुहा और केवट संवाद की लीला प्रस्तुत की जाएगी. भगवान श्रीराम के वनगमन से जुड़ा यह प्रसंग मित्रता, भक्ति, सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल है. कलाकारों के माध्यम से श्रीराम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को जीवंत किया जाएगा.
रामलीला के बाद भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध का मंचन होगा. इसके पश्चात केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान 45 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन करेंगे. इसके बाद भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक का आयोजन किया जाएगा, जो धर्म, न्याय, जनकल्याण और आदर्श शासन का संदेश देगा.
दशहरा महोत्सव में प्रसिद्ध भजन गायक चरणजीत सिंह सोंधी अपनी प्रस्तुतियां देंगे. समिति अध्यक्ष राजेश पाल ने नगरवासियों, धर्मप्रेमियों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से महोत्सव में शामिल होने की अपील की है. उन्होंने कहा कि विजयादशमी हमें सत्य के मार्ग पर चलने, बुराइयों का त्याग करने और धर्म एवं सदाचार को अपनाने की प्रेरणा देती है. ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करते हैं. उन्होंने सभी नागरिकों से दशहरा महोत्सव को सफल बनाने का आग्रह किया.
