इंदौर । नवरात्रि के अवसर पर इंदौर में रविवार को निकली विशाल चुनरी यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। बड़ा गणपति मंदिर से शुरू हुई यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए एरोड्रम क्षेत्र स्थित बिजासन माता मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। रास्ते में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री ने यात्रा को संबोधित करते हुए प्रदेशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और मां दुर्गा से प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि नवरात्रि का पर्व शक्ति, सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक एकता का संदेश देता है।
डॉ. यादव ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाने का काम करते हैं। मां के दरबार में सभी समान हैं और जाति, पंथ या आर्थिक स्थिति के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होता। ऐसे आयोजन आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।
यात्रा के दौरान पूरा मार्ग माता रानी के जयकारों से गूंजता रहा। महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भागीदारी की। मुख्यमंत्री ने दशहरे और दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति और कल्याण की कामना की।
यात्रा में वरिष्ठ विधायक एवं अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ और महेंद्र हार्डिया सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इनके अलावा सुमित मिश्रा, श्रवण सिंह चावड़ा, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, आकाश विजयवर्गीय, गोपीकृष्ण नीमा, प्रताप करोसिया और सावन सोनकर सहित अन्य लोग भी शामिल हुए।
