
धार. केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देते हुए 100 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमि पूजन किया इसमें 71 करोड़ लागत से बनने वाली 59 ग्रामीण सडक़ों का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को जनता के सामने रखा।उन्होंने एक नई और सकारात्मक पहल की वकालत करते हुए कहा गांव की विकास योजनाओं का भूमि पूजन ग्रामीण जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को करना चाहिए। इससे उन्हें यह महसूस होगा कि उन्होंने जिस पार्टी के लिए दिन-रात काम किया है, उनका महत्व शिलान्यास के पत्थर पर भी होना चाहिए.यह सरकार कार्यकर्ताओं की सरकार है जनता की सरकार है जिसकी चिंता दिल्ली में बैठे प्रधानमंत्री और भोपाल में बैठे मुख्यमंत्री करते है।
कांग्रेस पर तीखा हमला: पहले कागजों पर बनते थे कुएं और तालाब पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा की कांग्रेस के शासनकाल में विकास सिर्फ छलावा था। उनकी सरकार में सडक़, कुएं और तालाब धरातल पर आने के बजाय सिर्फ कागजों पर ही बनकर तैयार हो जाते थे,और चोरी हो जाते थे लेकिन भाजपा सरकार में हर पाई का हिसाब जमीन पर दिखता है।उन्होंने आगे कहा कि यह सरकार किसानों, महिलाओं, बच्चों और युवाओं की सरकार है। भाजपा सरकार समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े वंचित, गरीब और पिछड़े लोगों के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। हमारा लक्ष्य साल 2047 तक देश को विकसित भारत’ बनाना है और हर गांव को खुशहाली व हरियाली से सराबोर करना है।
केंद्रीय मंत्री ने
मंच से अधिकारियों और ठेकेदारों को सीधे शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि सडक़ निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। काम पूरी तरह से गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। उन्होंने दोटूक कहा यह भाजपा की सरकार है, यहां जनता के पैसे का सही इस्तेमाल होना चाहिए।
जनसभा को संबोधित करते हुए नेता जयदीप पटेल और भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के समर्पण की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि आज केंद्र में प्रधानमंत्री और राज्य में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जो विकास की गंगा बह रही है, उसकी असली ताकत हमारे ग्रामीण कार्यकर्ता हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में विपरीत परिस्थितियों में भी पार्टी का झंडा बुलंद रखने वाले इन साथियों का कार्य व निष्ठा वंदनीय है।
मंच पर अतिथियों की जगह बैठे भाजपा के ग्रामीण क्षेत्र के बुनियाद के पत्थर
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष चंचल पाटीदार ने एक बेहद सराहनीय और अभिनव पहल की। मंच पर आमंत्रित अतिथियों के पारंपरिक स्वागत-सत्कार के ठीक बाद, जिला अध्यक्ष ने घोषणा की कि ग्रामीण क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी की बुनियाद के असली पत्थर गांव के जनप्रतिनिधि और जमीनी कार्यकर्ता हैं।
इस पहल के तहत, गांव-गांव से आए इन जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को ससम्मान मंच पर आमंत्रित किया गया। उन्हें केंद्रीय मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर के साथ अग्रिम पंक्ति में मंचसीन कर उनका आत्मीय स्वागत किया गया।इस मौके पर इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेहडा, वीरेंद्र सिंह बघेल,नगर परिषद अध्यक्ष रंगु बाई लक्ष्मण बघेल,आदिवासी नेता विक्रम आवली,मुकाम सिंह सहित नगर एवं ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष युवराज सेप्टा,जिला पदाधिकारीगण,महिला मोर्चा पदाधिकारीगण, पिछड़ा अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्तागण एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।स्वागत भाषण प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ इकाई के महा प्रबंधक अनुम्प सक्सेना ने दिया।संचालन मनोज साधु ने किया।
