
भोपाल। पुलिस परिवारों में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, आपसी सौहार्द और उत्साह बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय की कल्याण शाखा द्वारा नेहरू नगर स्थित पुलिस लाइन में मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव आयोजित किया गया। इसमें पुलिस परिवारों की 1,100 से अधिक महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लिया। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने मां अम्बे की आरती कर महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त डीजीपी सुधीर सक्सेना, सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी जी.पी. सिंह, विशेष पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक चंचल शेखर एवं सोलोमन येश कुमार मिंज, पुलिस आयुक्त संजय कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी और उनके परिजन उपस्थित रहे।
भोपाल जिला पुलिस बल तथा सातवीं, 23वीं और 25वीं वाहिनी की महिलाओं एवं बालिकाओं ने लोकप्रिय फिल्मी और भक्ति गीतों पर पारंपरिक गरबा नृत्य प्रस्तुत किए। आकर्षक प्रस्तुतियों को दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा।
यह महोत्सव पिछले पांच वर्षों से प्रतिवर्ष आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना और उनके बीच सकारात्मक वातावरण विकसित करना है। महोत्सव का समापन 17 अक्टूबर को रात 10 बजे होगा।
