
श्री ओंकारेश्वर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, पवित्रता और अनुशासन बनाए रखने के लिए श्री ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई की गई। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की गई निगरानी में मंदिर परिसर में गुटखा खाकर थूकने के मामले सामने आने पर राकेश तिवारी, रोहित तिवारी एवं विवेक मिश्रा को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई।
मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक ट्रस्टी श्री राव पुष्पेंद्र सिंह एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी व एसडीएम श्री पंकज वर्मा के निर्देशन में मंदिर परिसर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई।
मंदिर व्यवस्था में संलग्न सुपरवाइजर गण श्री आशीष दीक्षित, श्री दीपेश चतुर्वेदी एवं श्री जयेंद्र पुरोहित द्वारा सीसीटीवी निगरानी के आधार पर संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर नियमानुसार जुर्माना वसूला गया। वसूल की गई राशि ट्रस्ट के खाते में जमा करवाई गई।
इस संबंध में मंदिर ट्रस्ट सुपरवाइजर श्री जयेंद्र पुरोहित ने कहा कि मंदिर परिसर की स्वच्छता एवं धार्मिक गरिमा बनाए रखना प्रत्येक श्रद्धालु और नागरिक का दायित्व है। परिसर में गुटखा एवं तंबाकू खाकर थूकने जैसी गतिविधियां स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करती हैं और धार्मिक स्थल की मर्यादा के प्रतिकूल हैं। ऐसी गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
